जिला प्रशासन की तिरंगा यात्रा में संत जोसेफ स्कूल के बच्चों की झांकी बनी मुख्य आकर्षण का केंद्र


रोहतास ।सासाराम जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर से 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत रोहतास जिले में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार के नेतृत्व मेें अत्यंत भव्य एवं ऐतिहासिक 'तिरंगा यात्रा' निकाली गई। इस गौरवमयी यात्रा में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रोहतास जिले के प्रभारी मंत्री माननीय अशोक चौधरी उपस्थित रहे । 


समाहरणालय परिसर से शुरू हुई इस तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राएं, भारत स्काउट एंड गाइड के बच्चे, जिला प्रशासन के आला अधिकारी, शिक्षक और स्थानीय नागरिक हाथों में तिरंगा थामे भारत माता की जय और वंदे मातरम के उद्घोष के साथ चल रहे थे।


इस भव्य तिरंगा यात्रा का मुख्य आकर्षण *संत जोसेफ स्कूल* द्वारा प्रस्तुत की गई जीवंत झांकी रही। स्कूल के छोटे-छोटे बच्चों ने भारत माता, झाँसी की रानी, लक्ष्मीबाई और छत्रपति शिवाजी महाराज जैसी महान ऐतिहासिक व देशप्रेमी विभूतियों की वेशभूषा (पोशाक) धारण कर रखी थी। इन बच्चों के जीवंत और आकर्षक रूप ने रैली की शोभा में चार चांद लगा दिए, जिसे मार्ग में खड़े हर नागरिक ने खूब सराहा।


इस अवसर पर प्रभारी मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि यह तिरंगा यात्रा हमारे देश की एकता, अखंडता और वीर शहीदों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। स्कूली बच्चों की इस भारी भागीदारी ने यह साबित कर दिया है कि हमारी युवा पीढ़ी के दिलों में राष्ट्रप्रेम की भावना कूट-कूट कर भरी है।

देशभक्ति के गीतों और गगनभेदी नारों के बीच गुजरी इस यात्रा ने सासाराम के हर नागरिक को राष्ट्र सेवा के संकल्प से जोड़ दिया। तिरंगा यात्रा में उमड़े जनसैलाब और देशभक्ति के नारों से पूरा सासाराम शहर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो गया। यात्रा के दौरान जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा और व्यवस्था के कड़े प्रबंध किए गए थे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट