विघार्थियों के लिए सहयोग पोर्टल 1100 नंबर जारी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 17, 2026
- 3 views
रोहतास।विद्यार्थियों की समस्याओं, शिकायतों तथा सुझावों को व्यवस्थित रूप से प्राप्त कर उनका निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में बिहार सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। इसी क्रम में सोमवार को माननीय मुख्यमंत्री, बिहार श्री सम्राट चौधरी द्वारा पटना के जेडी वूमेंस कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर रोहतास जिले से जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य तथा संबंधित पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं एवं शिकायतों का प्रभावी ढंग से निराकरण करने के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए विद्यार्थियों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त करना है। राज्य सरकार द्वारा जारी निर्देश के अनुसार विद्यार्थियों को अपनी समस्याएं ऑनलाइन दर्ज कराने तथा उनके समाधान की प्रगति को व्यवस्थित रूप से सुनिश्चित करने के लिए पोर्टल को प्रभावी माध्यम बनाया गया है।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के माध्यम से संबंधित शिक्षण संस्थानों के वास्तविक विद्यार्थी अपना निबंधन कर सकेंगे। विद्यार्थी पोर्टल पर अपनी शैक्षणिक एवं संस्थागत समस्याओं से संबंधित शिकायत दर्ज कर सकेंगे। इनमें समय पर कक्षाओं का संचालन नहीं होना, प्रधानाध्यापक/शिक्षक का समय पर कक्षा में नहीं पहुंचना या अनुपस्थित रहना, परीक्षा का समय पर संचालन नहीं होना, परीक्षा परिणाम का समय पर प्रकाशन नहीं होना, अनधिकृत फीस/शुल्क की वसूली, कक्षाओं में बैठने की उचित व्यवस्था नहीं होना तथा प्रयोगशालाओं से संबंधित समस्याएं शामिल हैं।
इसके अलावा कॉलेज एवं विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई, कोचिंग से संबंधित समस्या तथा अन्य प्रकार की विधि-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतें भी इस माध्यम से दर्ज कराई जा सकेंगी। सरकार की इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के साथ-साथ शिक्षा व्यवस्था को अधिक उत्तरदायी, संवेदनशील और विद्यार्थी-केंद्रित बनाना है।
‘सबका सम्मान, जीवन आसान’ के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों के लिए प्रत्येक माह के चतुर्थ मंगलवार को ‘विद्यार्थी सहयोग शिविर’ का आयोजन किया जाएगा। यदि चतुर्थ मंगलवार को अवकाश घोषित रहता है अथवा अवकाश होता है, तो शिविर का आयोजन अगले कार्य दिवस को किया जाएगा। पहला विद्यार्थी सहयोग शिविर 25 अगस्त 2026 से आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। विद्यार्थी सहयोग शिविर में प्राप्त शिकायतों के अंतिम निस्तारण के लिए अधिकतम 30 दिनों की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
इन शिविरों का आयोजन विभिन्न सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में किया जाएगा। इनमें विश्वविद्यालय, अंगीभूत महाविद्यालय, अभियंत्रण महाविद्यालय, चिकित्सा महाविद्यालय, पॉलिटेक्निक, आईटीआई, पारा मेडिकल महाविद्यालय, नर्सिंग स्कूल, सिमुलतला आवासीय विद्यालय, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के छात्रावास, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग के छात्रावास, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के छात्रावास तथा समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित नेत्रहीन/मूकबधिर विद्यालय आदि शामिल हैं।
विद्यार्थियों को पोर्टल के उपयोग में सुविधा प्रदान करने के लिए विद्यार्थी सहयोग शिविर के दिन संबंधित संस्थान में एक कियोस्क स्थापित किया जाएगा। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर एवं इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध रहेगी। संबंधित विभाग द्वारा इसके लिए स्थानीय पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की जाएगी, जो विद्यार्थियों को पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने एवं अन्य आवश्यक प्रक्रिया में सहयोग करेंगे। विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के प्रभावी संचालन के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों का प्रशिक्षण भी आयोजित किया जाएगा। 21 अगस्त को जिला स्तरi पर प्रशिक्षण आयोजित किया जाना है। इसके लिए 20 अगस्त 2026 को सभी जिलों के संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों एवं आईटी प्रबंधकों को एनआईसी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाएगा।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल पर दर्ज शिकायत के समाधान से यदि कोई विद्यार्थी क्षुब्ध अथवा असंतुष्ट होता है, तो संबंधित शिकायत की सुनवाई माननीय मुख्यमंत्री, बिहार के स्तर पर प्रत्येक माह के द्वितीय मंगलवार को निर्धारित राज्य-स्तरीय सहयोग शिविर कार्यक्रम में की जा सकेगी।
विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के शुभारंभ के अवसर पर जिला पदाधिकारी, रोहतास ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले में पोर्टल एवं विद्यार्थी सहयोग शिविर की व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। सभी संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों को पोर्टल की जानकारी उपलब्ध कराने, उन्हें शिकायत एवं सुझाव दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराने तथा शिविर के दौरान आवश्यक तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए शिकायतों का निर्धारित प्रक्रिया एवं समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शिक्षा व्यवस्था में सुधार से संबंधित विद्यार्थियों के उपयोगी सुझावों को भी गंभीरता से लिया जाए तथा उन्हें संबंधित विभाग तक पहुंचाने की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए। विद्यार्थी सहयोग पोर्टल के उपयोग तथा विद्यार्थी सहयोग शिविर से संबंधित जानकारी एवं आवश्यक सहायता के लिए 1100 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। विद्यार्थी पोर्टल से संबंधित जानकारी प्राप्त करने तथा अपनी समस्या दर्ज कराने की प्रक्रिया में सहायता के लिए इस हेल्पलाइन का उपयोग कर सकेंगे।


रिपोर्टर