गृहभेदन कर चोरी की घटनाओं नहीं हो पा रहा उद्भेदन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Aug 18, 2026
- 26 views
एक बार फिर नकाबपोश चोरों ने ज्वेलर्स की दुकान को बनाया निशाना
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दहशत में स्थानीय निवासी व कारोबारी
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर--- जिले के कुदरा थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला कुदरा के लालापुर वार्ड संख्या-2 से सामने आया है, जहां रविवार की देर रात अज्ञात नकाबपोश चोरों ने आलोक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के आभूषण व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके के दुकानदारों और नगरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
दुकान संचालक के अनुसार, चोरी में करीब 7 लाख रुपये के आभूषण एवं अन्य सामान के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि चोरी गई संपत्ति की वास्तविक कीमत का आकलन दुकान में मौजूद सामान और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि चोरों ने घटना को रात करीब 1 बजे से 2 बजे के बीच अंजाम दिया। इस दौरान तीन नकाबपोश संदिग्धों के दुकान के आसपास घूमने और घटना को अंजाम देने की गतिविधियां सीसीटीवी फुटेज में दिखाई देने की बात सामने आई है। चोरों ने पहले ज्वेलर्स की दुकान के मुख्य शटर का ताला तोड़ा और उसके बाद दुकान के अंदर प्रवेश किया।
दुकान में घुसने के बाद चोरों ने आभूषण और अन्य सामान को खंगाला। बताया जा रहा है कि चोरों ने आसपास की कुछ अन्य दुकानों को भी निशाना बनाने की कोशिश की और उनके ताले तोड़ने का प्रयास किया। जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है, कि चोरों का उद्देश्य केवल एक दुकान तक सीमित नहीं था।
वारदात को अंजाम देने से पहले चोरों ने सीसीटीवी कैमरों को भी निशाना बनाया। बताया गया कि कैमरों के तार काट दिए गए, ताकि घटना के दौरान उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड न हो सकें। हालांकि दुकान और आसपास लगे कैमरों में कुछ संदिग्ध गतिविधियां रिकॉर्ड होने की बात सामने आ रही है, जिसके आधार पर पुलिस अब मामले की जांच में जुटी है।
दुकान मालिक कृष्णा सोनी, निवासी कुदरा
के अनुसार उन्हें चोरी की जानकारी सोमवार की सुबह करीब 7 बजे बगल के दुकानदार के माध्यम से मिली। दुकान का ताला टूटा देखकर तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची जिसके बाद कुदरा थाना पुलिस, फॉरेंसिक जांच एवं डॉग स्क्वायड टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की छानबीन शुरू कर दी। सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मोहनियां द्वारा भी मौके पर पहुंचकर मामले की जानकारी लिया गया।
प्रशासन से उठ रही स्थानीय लोगों की विश्वास
वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर पंचायत में आए दिन चोरी की घटनाओं को अंजाम दें चोर सुरक्षित फरार हो जा रहे हैं,जिनका कई बार सीसीटीवी फुटेज में भी चेहरा आ चुका है पर अभी तक कहीं कोई सुराग नहीं मिल पाया। पूर्व में कार्यरत प्रशासनिक पदाधिकारी के जाने के बाद प्रशासन से उम्मीद जगी थी कि शायद अब चोर प्रशासन की गिरफ्त में आ जाए पर लगता नहीं की प्रशासन गृह भेदन कर चोरी करने वालों का उद्वेदन कर पाएगा।


रिपोर्टर