डीएम ने सड़क एवं पथ निर्माण विभाग कार्यों की समीक्षा कर गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध पूर्णता के दिए निर्देश


रोहतास ।जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिले में सड़क, पुल-पुलिया एवं अन्य आधारभूत संरचना से संबंधित विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के पदाधिकारियों से योजनाओं की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता, पूर्णता की स्थिति तथा लंबित कार्यों की जानकारी प्राप्त की।


बैठक में पथ निर्माण विभाग, कोचस; लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED); नगर निगम; प्रखंड विकास पदाधिकारी, सासाराम; प्रखंड विकास पदाधिकारी, तिलौथू; प्रखंड विकास पदाधिकारी, करगहर; पथ निर्माण विभाग, डेहरी; बिहार राज्य पुल निर्माण निगम; ग्रामीण कार्य विभाग, डेहरी; ग्रामीण कार्य विभाग, बिक्रमगंज; ग्रामीण कार्य विभाग, सासाराम तथा सोन उच्च स्तरीय नहर प्रमंडल के पदाधिकारी उपस्थित रहे।


समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिले में संचालित सभी सड़क एवं पथ निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में निर्धारित तकनीकी मानकों एवं विभागीय गुणवत्ता मापदंडों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित किया जाए। कार्यों की नियमित स्थल जांच एवं प्रभावी अनुश्रवण करते हुए निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए।


जिलाधिकारी ने विशेष रूप से अकोढ़ीगोला-तेतराढ़ सड़क के निर्माण कार्य की समीक्षा करते हुए इसे समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित कार्यपालक अभियंता को निर्देशित किया कि उक्त सड़क के निर्माण कार्य की नियमित रूप से मॉनिटरिंग करते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। कार्य में किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।


जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सड़क एवं पुल-पुलिया जैसी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण सीधे तौर पर आमजन के आवागमन एवं सुविधा से जुड़ा है। इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता, समयबद्धता एवं तकनीकी मानकों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।


उन्होंने सभी संबंधित कार्यपालक अभियंताओं एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित एवं धीमी गति से चल रहे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए तथा कार्यस्थल का नियमित निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की जाए। निर्माण कार्यों में गुणवत्ता की कमी पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।


जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का त्वरित समाधान करने तथा सभी सड़क एवं आधारभूत संरचना संबंधी योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट