मुख्य सचिव ने विडियो कांफ्रेंसिंग डीएम से की बात
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 25, 2026
- 4 views
रोहतास।मंगलवार को मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के विभिन्न जिलों में संचालित महत्वपूर्ण योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक में एग्रीस्टॉक एवं फार्मर रजिस्ट्रेशन, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, समाज कल्याण विभाग की लंबित योजनाओं, टीबी मुक्त भारत अभियान, VegFed तथा 211 डिग्री महाविद्यालयों के स्थायी भवन निर्माण हेतु भूमि की उपलब्धता सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में रोहतास जिले से जिला पदाधिकारी श्री दीपक कुमार मिश्रा सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान मुख्य सचिव द्वारा विभिन्न योजनाओं की अद्यतन स्थिति, लक्ष्य के अनुरूप प्रगति तथा लंबित कार्यों के निष्पादन की स्थिति की जानकारी ली गई। संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने, पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के उपरांत जिला पदाधिकारी ने संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारियों के साथ योजनावार समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित करने को कहा।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग अपने-अपने दायित्वों के अनुरूप लंबित कार्यों का शीघ्र निष्पादन, योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा निर्धारित लक्ष्य की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करें। उन्होंने विशेष रूप से लाभुक आधारित योजनाओं में पात्र व्यक्तियों तक पारदर्शी एवं समय पर लाभ पहुंचाने, आवश्यक डाटा को अद्यतन रखने तथा विभागीय समन्वय के साथ कार्यों को गति देने का निर्देश दिया। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को अपने-अपने विभाग की योजनाओं की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी स्तर पर आने वाली समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित करने को कहा।


रिपोर्टर