नम आंखों से लोगों ने तत्कालीन एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी को दी भावभीनी विदाई


लायंस क्लब ऑफ सासाराम ने आयोजित किया विदाई समारोह


रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम स्थित संत पॉल स्कूल के उमा ऑडिटोरियम में मंगलवार को लायंस क्लब ऑफ सासाराम के तत्वावधान में तत्कालीन एसडीएम डॉ. नेहा कुमारी का भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने नम आंखों से उन्हें विदाई दी और उनके कार्यकाल की सराहना की।

इस अवसर पर लायंस क्लब ऑफ सासाराम, प्राइवेट स्कूल्स चिल्ड्रेन वेलफेयर एसोसिएशन (PASWA), नगर पूजा कमिटी, ताराचंडी कमिटी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने डॉ. नेहा कुमारी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं अन्य स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

समारोह में लायंस क्लब के पूर्व जिलापाल, पासवा के राष्ट्रीय महासचिव एवं संत पॉल स्कूल के चेयरमैन डॉ. एस.पी. वर्मा ने डॉ. नेहा कुमारी को तलवार एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दायित्वों के निर्वहन के दौरान डॉ. नेहा कुमारी का व्यवहार, कार्यशैली और लोगों के प्रति संवेदनशीलता सदैव याद की जाएगी।

लायंस क्लब एवं पासवा के जिलाध्यक्ष तथा संत पॉल स्कूल के प्रबंधक रोहित वर्मा ने भी डॉ. नेहा कुमारी को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि स्थानांतरण प्रशासनिक सेवा का हिस्सा है, लेकिन अधिकारियों की कार्यशैली और व्यवहार लोगों के बीच लंबे समय तक स्मरणीय रहता है।

विदाई समारोह में संत पॉल स्कूल की प्राचार्या आराधना वर्मा सहित विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संगठनों के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने डॉ. नेहा कुमारी के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके आगामी दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का मंच संचालन रोहित वर्मा ने किया। समारोह के दौरान माहौल भावुक रहा और उपस्थित लोगों ने आत्मीयता के साथ डॉ. नेहा कुमारी को विदाई दी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट