बिहार पुलिस के जांबाज एएसआई की बीमारी से मौत, पैतृक गांव में हुआ अंतिम संस्कार


रोहतास। बिहार पुलिस में सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) के पद पर कार्यरत मिथिलेश कुमार (45) का बीमारी के कारण निधन हो गया। वे वर्तमान में नालंदा जिले के बिहारशरीफ थाना में पदस्थापित थे। शुक्रवार को अपने पैतृक गांव मिश्रवलिया में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।बताया जाता है कि मिथिलेश कुमार पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। शुक्रवार को घर पर ही अचानक उनकी तबीयत ज्यादा बिगड़ गई। परिजन उन्हें संभाल पाते, इससे पहले ही उनका निधन हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी माया देवी और मां धनमुना देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। छोटे भाई अखिलेश कुमार ने बताया कि बीमारी के कारण परिवार ने अपना एक महत्वपूर्ण सदस्य खो दिया।


पुलिस अधिकारियों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई


मिथिलेश कुमार का अंतिम संस्कार शुक्रवार देर शाम गांव के पूर्वी बधार स्थित बगीचे में किया गया। इस दौरान नालंदा से पहुंचे इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारियों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह ने मिथिलेश कुमार को साहसी, कर्तव्य के प्रति समर्पित और मिलनसार पुलिस अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके निधन से पुलिस विभाग ने एक कर्मठ अधिकारी खो दिया है।मिथिलेश कुमार के निधन से गांव के लोग भी काफी मर्माहत हैं। स्थानीय ग्रामीण संतोष कुमार और ललित मोहन सिंह ने कहा कि मिथिलेश कुमार का व्यवहार बेहद सहज और मृदुभाषी था। सामाजिक गतिविधियों में भी वे बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते थे। यही वजह है कि वे ग्रामीणों के बीच हमेशा सम्मान और अपनापन बनाए रहे।उनके असामयिक निधन से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीणों और पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट