गोवा में 6 सितंबर को होगा ‘बिहार डेवलपमेंट समिट 2026’, रोहतास से बड़ी संख्या में लोग होंगे शामिल
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 31, 2026
- 3 views
संवाददाता पारसनाथ दुबे
डेहरी ऑन सोन। ‘लेट्स इंस्पायर बिहार’ अभियान के अंतर्गत आगामी 6 सितंबर, रविवार को गोवा के वास्को स्थित रवींद्र भवन में ‘बिहार डेवलपमेंट समिट 2026’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन पूर्वाह्न 10 बजे से होगा। समिट की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।इस महत्वपूर्ण आयोजन के मुख्य संरक्षक मगध रेंज के पुलिस महानिरीक्षक एवं 2003 बैच के आईपीएस अधिकारी विकास वैभव हैं। कार्यक्रम में बिहार सरकार की उद्योग एवं खेल विभाग की मंत्री श्रेयसी सिंह भी शामिल होंगी। उनके शामिल होने से कार्यक्रम को और व्यापकता मिलने की उम्मीद है।समिट में शामिल होने के लिए रोहतास जिले से बड़ी संख्या में लोग गोवा पहुंच रहे हैं। इनमें जीएम अंसारी, राम अवतार राय, गार्गी अध्याय की जिला मुख्य समन्वयक नूतन पांडे, अयान खान, शशांक केतन, वीरेंद्र कुशवाहा, सत्येंद्र चौबे, रिंकू देवी सहित कई लोग शामिल हैं।शिक्षा, क्षमता और उद्यमिता पर होगी चर्चा‘बिहार डेवलपमेंट समिट’ का प्रमुख उद्देश्य बिहार से बाहर रह रहे प्रवासी युवाओं को अपनी मातृभूमि के विकास से जोड़ना और उन्हें बिहार के लिए सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के साथ विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने के लिए शिक्षा, क्षमता निर्माण, उद्यमिता और नेतृत्व जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।यह अभियान विकास वैभव के वर्ष 2021 में देखे गए उस सपने का विस्तार है, जिसमें बिहार की प्रतिभाओं और युवाओं को एक साझा मंच पर लाकर राज्य के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की परिकल्पना की गई थी। शुरुआत में सीमित स्तर से शुरू हुआ यह प्रयास आज व्यापक जनभागीदारी का रूप ले चुका है और बड़ी संख्या में लोग इससे जुड़कर बिहार को विकसित एवं आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।गोवा में आयोजित होने वाला यह समिट बिहार के बाहर रहने वाले युवाओं, उद्यमियों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत लोगों को एक मंच पर लाकर ‘विकसित बिहार—2047’ के संकल्प को नई गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।


रिपोर्टर