डीएम की अध्यक्षता में आपूर्ति टास्क फोर्स की बैठक संपन्न
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 05, 2026
- 1 views
रोहतास।जिला पदाधिकारी,दीपक कुमार मिश्र की अध्यक्षता में आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक की गयी। इस समीक्षा बैठक में संयुक्त सचिव-सह-जिला आपूर्ति पदाधिकारी रोहतास,अनुमण्डल पदाधिकारी सासाराम,जिला प्रबंधक बिहार राज्य खाद्य निगम, सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी सासाराम,सभी प्रखण्ड आपूर्ति पदाधिकारी,सभी सहायक गोदाम प्रबंधक,सभी परिवहन अभिकर्त्ता एवं जन वितरण प्रणाली विक्रेता संघ के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी के द्वारा नये राशन कार्ड के निर्माण,ई-केवाइसी,जन वितरण प्रणाली दुकानों की बहाली प्रक्रिया एवं आपूर्ति टास्क फोर्स की गहन समीक्षा की गयी। सभी परिवहन अभिकर्त्ताओं को अगस्त एवं सितम्बर-2026 के खाद्यान्न वितरण हेतु लंबित खाद्यान्न डिस्पैच को दो दिनों के अन्दर पूर्ण करने का आदेश दिया गया,ताकि किसी भी लाभुको को राशन से वंचित नही होना पड़े। सहायक गोदाम प्रबंधक,दावथ के द्वारा बताया गया कि डीएसडी के द्वारा आवश्यकतानुसार गाड़ी नही दिया जा रहा है,जिस कारण ससमय खाद्यान्न डिस्पेच नहीं हो पा रहा है। जिला पदाधिकारी द्वारा सभी डीएसडी को खाद्यान्न ससमय डिस्पैच करने का आदेश दिया गया। जिला पदाधिकारी के द्वारा नये राशन कार्ड निर्माण हेतु सभी आपूर्ति निरीक्षकों को लंबित ई-केवाइसी को यथाशीघ्र पूर्ण करने का आदेश दिया गया। साथ ही सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निदेश दिया गया कि सरकार के लक्ष्य के अनुरूप नियमानुसार राशन कार्ड का निर्माण यथाशीघ्र किया जाय। जिला पदाधिकारी द्वारा नये जन वितरण प्रणाली दुकानों की बहाली में दिनांक 10 सितम्बर-2026 तक सभी अनुमण्डल पदाधिकारी के स्तर से औपबंधिक मेधा सूची तैयार कर अनुशंसा सहित उपलब्ध कराने का निदेश दिया गया तथा जल्द से जल्द पीडीएस बहाली की प्रक्रिया को पूर्ण करने का भी निदेश दिया गया। महामंत्री,फेयर प्राइस डिलर्स एसोसिएशन,रोहतास द्वारा बताया गया कि ई-पॉस मशीन सात वर्ष पुराना हो गया है,जिसके कारण कठिनाइयाँ उत्पन्न हो रही हैं। जिला पदाधिकारी के द्वारा निदेश दिया गया कि अनुमण्डल स्तर पर कैम्प लगाकर ई-पॉस मशीन की मरम्मति की जाय। जिला पदाधिकारी के द्वारा बताया गया कि जरूरतमंद लोगों को ससमय खाद्यान्न पहुँचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में है। सरकार के द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा योजना के तहत पूर्वीकता प्राप्त कार्डधारियों के परिवार के प्रत्येक सदस्यों को निःशुल्क दो किलो गेहूं एवं तीन किलो चावल कुल पाँच किलो खाद्यान्न तथा अन्त्योदय अन्न योजना के तहत प्रत्येक परिवार को निःशुल्क 14 किलो गेहूं एवं 21 किलो चावल कुल 35 किलो खाद्यान्न का वितरण किया जा रहा है।


रिपोर्टर