मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के नवीन कारखाने का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुभारंभ
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Sep 19, 2026
- 20 views
मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने किया उद्घाटन, आधुनिक प्रिंटिंग सुविधाओं से उद्योग को मिलेगी नई गति
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। बीआईएडीए औद्योगिक क्षेत्र, टेकुना फार्म स्थित मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के नवीन कारखाने का भव्य उद्घाटन बिहार सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने किया। इस अवसर पर विधिवत पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने नवीन कारखाने का उद्घाटन किया। समारोह में मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के प्रोपराइटर संदीप कुमार सिन्हा ने मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन का बुके एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया।
उद्योग विस्तार से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे
इस मौके पर मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि गया में आधुनिक तकनीक और नई सुविधाओं के साथ उद्योग का विस्तार होना क्षेत्र के लिए सकारात्मक पहल है। इससे स्थानीय स्तर पर प्रिंटिंग क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को आगे बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है। नई तकनीक को अपनाकर व्यवसाय को और बेहतर बनाया जा सकता है।
आधुनिक मशीनों से मिलेगी बेहतर प्रिंटिंग सुविधा
वहीं, प्रोपराइटर संदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि मंगलम पेपर्स एंड कार्ड्स के नवीन कारखाने में आधुनिक मशीनों के माध्यम से बेहतर गुणवत्ता की प्रिंटिंग सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यहां नोटबुक एवं रजिस्टर, बुक एवं मैगजीन, ब्रोशर, लीफलेट, लेटरहेड, लिफाफे, पैकेजिंग बॉक्स, स्टिकर-लेबल, वेडिंग कार्ड, वॉल एवं टेबल कैलेंडर तथा पोस्टर-बैनर समेत विभिन्न प्रकार के प्रिंटिंग कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि ग्राहकों को बेहतर गुणवत्ता, आधुनिक तकनीक और समय पर सेवा उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है।
सहयोग के लिए जताया आभार
उद्घाटन समारोह में पहुंचे अतिथियों, शुभचिंतकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए संदीप कुमार सिन्हा ने कहा कि सभी के सहयोग और आशीर्वाद से संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का प्रयास किया जाएगा।


रिपोर्टर