पीएम सूर्य घर योजना को गति देने के लिए 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा ‘सोलर सेवा सेतु कैंप’ : जिलाधिकारी


रोहतास। प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना के तहत अधिक से अधिक परिवारों को रूफटॉप सोलर से जोड़ने तथा आम लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सोलर सेवा सेतु कैंप’ के माध्यम से विशेष जन-जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

अभियान के तहत प्रखंड स्तर पर पीएम सूर्य घर सहायता केंद्र-स्टॉल स्थापित किये गये हैं। इन केंद्रों के माध्यम से इच्छुक उपभोक्ताओं को योजना की विस्तृत जानकारी देने के साथ-साथ ऑनलाइन पंजीकरण एवं आवेदन की सुविधा उपलब्ध करायी जायेगी। उपभोक्ताओं को मोबाइल एप एवं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का लाइव प्रदर्शन भी कराया जायेगा, ताकि योजना का लाभ लेने में उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

‘सोलर सेवा सेतु कैंप’ में विद्युत विभाग के नोडल पदाधिकारी,बैंक प्रतिनिधि,जीविका दीदियाँ,रूफटॉप सोलर विक्रेता एवं अन्य संबंधित प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जायेगी। कैंप में उपभोक्ताओं को ऋण सुविधा,लंबित आवेदनों के समाधान,अधिकृत विक्रेता के चयन,सोलर पैनल स्थापना, अनुमानित लागत,अनुदान तथा आवेदन प्रक्रिया की समय-सीमा के संबंध में आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया जायेगा।

अभियान के दौरान घर-घर एवं गाँव स्तर पर जागरूकता अभियान,सोलर रथ,जागरूकता वाहन,सोलर मेला,सोशल मीडिया प्रचार एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा। योजना के लाभार्थियों को सोलर एंबेसडर के रूप में जोड़कर उनके अनुभव एवं सफलता की कहानियों को आम लोगों के साथ साझा किया जायेगा, ताकि अधिक से अधिक परिवार रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए प्रेरित हो सकें। इस अभियान का प्रमुख उद्देश्य इच्छुक उपभोक्ताओं को एक ही स्थान पर योजना की जानकारी,आवेदन,तकनीकी मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराते हुए पीएम सूर्य घर योजना के तहत अधिक से अधिक रूफटॉप सोलर आवेदन सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को स्वच्छ ऊर्जा के उपयोग,बिजली बिल में संभावित बचत तथा सौर ऊर्जा के दीर्घकालिक लाभों के प्रति भी जागरूक किया जायेगा। योजना के तहत 1 किलोवाट क्षमता का रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करने पर केंद्र सरकार की ओर से 30,000 तथा बिहार सरकार की ओर से 10,000, यानी कुल 40,000 रूपये तक का अनुदान प्राप्त होता है। इसी प्रकार 2 किलोवाट क्षमता के लिए केंद्र सरकार से 60,000 एवं राज्य सरकार से 20,000, यानी कुल 80,000 तक की सहायता उपलब्ध है, जबकि 3 किलोवाट एवं उससे अधिक क्षमता के रूफटॉप सोलर सिस्टम की स्थापना पर केंद्र सरकार की ओर से 78,000 तथा बिहार सरकार की ओर से 20,000, यानी कुल 98,000 तक का अनुदान उपलब्ध है। योजना के तहत उपभोक्ताओं को आसान किश्तों पर ऋण की सुविधा भी उपलब्ध करायी जा रही है,जिससे वे कम आर्थिक बोझ के साथ अपने घर पर रूफटॉप सोलर सिस्टम स्थापित करा सकते हैं।

जिलाधिकारी ने जिले के उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अपने नजदीकी ‘सोलर सेवा सेतु कैंप’ में पहुँचकर प्रधानमंत्री सूर्य घर: मुफ्त बिजली योजना की जानकारी प्राप्त करें और रूफटॉप सोलर अपनाने की दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि कैंप के माध्यम से उपभोक्ताओं को योजना से संबंधित जानकारी एवं आवेदन की आवश्यक सुविधायें एक ही स्थान पर उपलब्ध करायी जा रही हैं। उन्होंने जिले के इच्छुक परिवारों से अपील की है की वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए अपने घर की छत पर रूफटॉप सोलर सिस्टम लगाने की दिशा में पहल करें तथा स्वच्छ ऊर्जा,ऊर्जा आत्मनिर्भरता और बिजली की बचत की दिशा में अपना योगदान दें।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट