चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक गिरफ्तार, नंबर प्लेट बदलकर चला रहा था वाहन

ब्यूरो चीफ संदिप कुमार की रिपोर्ट 

कैमूर:-- मोहनियां थाना पुलिस ने रात्रि गश्ती के दौरान मिली गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चोरी की मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, गश्ती पदाधिकारी को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति चोरी की मोटरसाइकिल लेकर वाराणसी की ओर जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद मोहनियां थाना पुलिस ने महाराणा प्रताप कॉलेज के पास वाहन जांच शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति को रोककर पूछताछ की गई। पुलिस ने उसकी पहचान बीरू कुमार, पिता स्व. शिव कुमार, निवासी दुर्गा स्थान नया टोला, थाना राउतरा, जिला कटिहार के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि वह चोरी की मोटरसाइकिल का नंबर प्लेट बदल-बदलकर उसका इस्तेमाल करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में मोहनियां थाना कांड संख्या 739/26, दिनांक 23 सितंबर 2026 को धारा 317(4), 317(5), 338 एवं 336(3) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट