आगामी पर्व को लेकर डालमियानगर थाना में शांति समिति की बैठक पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा


संवाददाता पारस नाथ दुबे


डेहरी रोहतास। आगामी पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को डालमियानगर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डालमियानगर थानाध्यक्ष उमूस सलमा ने की। बैठक में थाना क्षेत्र की विभिन्न पूजा समितियों के सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान आगामी पर्व को लेकर विभिन्न पूजा स्थलों की जानकारी, मूर्ति स्थापना वाले स्थान, जलभरी कार्यक्रम, रावण दहन का समय, जुलूस का रूट चार्ट तथा अनुमानित भीड़ एवं जनसंख्या सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। थानाध्यक्ष ने सभी पूजा समितियों से निर्धारित समय सीमा के अंदर 8 अक्टूबर तक लाइसेंस प्राप्त करने का निर्देश दिया। थानाध्यक्ष उमूस सलमा ने कहा कि पर्व के दौरान डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, जुलूस के निर्धारित मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था सहित सरकार एवं प्रशासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करना होगा। उन्होंने पूजा समितियों एवं स्थानीय लोगों से आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की।उन्होंने बताया कि थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर मूर्ति स्थापित की जा रही है। सभी पूजा स्थलों एवं संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा पूरे क्षेत्र में लगातार गश्त की व्यवस्था रहेगी, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। बैठक में मथुरी के दो स्थान, गंगौली के दो स्थान, ईएसआई गेट, झोपड़ी मोहल्ला, बंगाली क्लब, रोहतास क्लब एवं रत्तू बिगहा चौक सहित अन्य पूजा स्थलों को लेकर भी चर्चा की गई। पूजा समितियों के सदस्यों ने प्रशासन को शांतिपूर्ण आयोजन में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। बैठक के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने समिति के सदस्यों से किसी भी प्रकार की समस्या अथवा आपात स्थिति की सूचना तत्काल थाना को देने की अपील की। वहीं पूजा समिति के लोगों ने प्रशासन द्वारा की जा रही सुरक्षा एवं व्यवस्था की तैयारियों की सराहना करते हुए पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में सहयोग का आश्वासन दिया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट