आदर्श रामलीला मंडल की ओर से मनाया गया श्रीकृष्ण जन्मोत्सव
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Sep 06, 2026
- 27 views
कल्याण। धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने तथा सनातन संस्कृति का संदेश समाज तक पहुंचाने के उद्देश्य से आदर्श रामलीला मंडल (रजि.) की ओर से इस वर्ष भी कल्याण पूर्व में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन किया गया। चक्कीनाका स्थित गुण गोपाल मंदिर प्रांगण में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत 3 सितंबर, गुरुवार को प्रातः 6 बजे श्रीरामचरितमानस पाठ से हुई। श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक मानस पाठ में सहभाग लिया। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। धार्मिक मंत्रोच्चार एवं पाठ से पूरा परिसर भक्तिरस में डूबा रहा।
इसके पश्चात 4 सितंबर, शुक्रवार को हनुमान चालीसा पाठ एवं संगीतमय भजनों का आयोजन किया गया। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में लीन नजर आए। जैसे-जैसे मध्यरात्रि का समय नजदीक आया, मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती गई। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्म के अवसर पर विशेष रूप से जन्मोत्सव मनाया गया। इस दौरान भक्तों ने जयकारों और भजनों के साथ भगवान श्रीकृष्ण का स्वागत किया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में उत्साह और श्रद्धा का माहौल रहा। संगीतमय भजनों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं एवं उनके जीवन संदेश का स्मरण किया गया। उपस्थित श्रद्धालुओं ने धार्मिक कार्यक्रम का आनंद लेते हुए भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
आयोजकों के अनुसार, आदर्श रामलीला मंडल द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल धार्मिक आयोजन तक सीमित नहीं है, बल्कि सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनके संदेश को समाज की नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी है। मंडल द्वारा धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से समाज में आपसी भाईचारा, संस्कार और आध्यात्मिक वातावरण कायम रखने का प्रयास किया जाता है।
संरक्षक नवीन अनंतराव गवली के सानिध्य एवं मार्गदर्शन में आदर्श रामलीला मंडल (रजि.) द्वारा विगत कई वर्षों से विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मंडल से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने आयोजन को सफल बनाने के लिए विशेष मेहनत की। कार्यक्रम में क्षेत्र के नागरिकों, धर्मप्रेमी लोगों और श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक सहभाग लिया।
आयोजकों ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर में देर रात तक भक्तिमय वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन एवं भक्ति का आनंद लिया।


रिपोर्टर