मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर रोहतास पुलिस ने जारी किया रूट प्लान, कई मार्गों पर रहेगी विशेष व्यवस्था
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 05, 2026
- 37 views
रोहतास। जिले में मुख्यमंत्री के सासाराम आगमन एवं बेदा फ्लाईओवर के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन एवं रोहतास पुलिस ने यातायात व्यवस्था का रूट प्लान जारी किया है। सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को लेकर कारकेड, आम लोगों तथा अधिकारियों के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग और पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
निर्धारित रूट के अनुसार मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान कारकेड गोपाल नारायण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, जमुहार से सुवरा मोड़ होते हुए NH-19 स्थित बेदा फ्लाईओवर के नीचे से महिला बटालियन होते हुए बेदा बस स्टैंड के आगे से सासाराम बाईपास (बेदा फ्लाईओवर) तक जाएगा।
बेदा फ्लाईओवर के उद्घाटन के बाद मुख्यमंत्री के कारकेड के लिए महिला बटालियन होते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, सासाराम (करूप) तक का मार्ग निर्धारित किया गया है। वहीं आमजनों के लिए NH-19 से बेदा फ्लाईओवर के नीचे होते हुए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय जाने वाले मार्ग पर पैदल आवागमन की व्यवस्था रहेगी।
पार्किंग की भी अलग-अलग व्यवस्था
कार्यक्रम में आने वाले आम लोगों के वाहनों की पार्किंग NH-19 पर बेदा फ्लाईओवर के सर्विस रोड के दक्षिण-पश्चिम लेन में की जाएगी। मुख्यमंत्री की ड्यूटी में प्रतिनियुक्त अधिकारियों के वाहनों के लिए अंबेडकर छात्रावास परिसर में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।
वहीं बेदा फ्लाईओवर कार्यक्रम स्थल पर ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मियों के वाहनों की पार्किंग आईटीआई बेदा परिसर में होगी। कार्यक्रम में आने वाले आगंतुक अतिथियों एवं माननीयों के वाहनों के लिए बेदा बस स्टैंड में पार्किंग की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
रोहतास पुलिस ने लोगों से निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


रिपोर्टर