प्रभारी डीएम ने जिला स्तरीय आवृत्तिचर्चा प्रशिक्षण का शुभारंभ किया
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 14, 2026
- 2 views
रोहतास।डीआरडीए सभागार में प्रभारी जिला पदाधिकारी-सह-उप विकास आयुक्त, रोहतास की अध्यक्षता में कृषि सांख्यिकी से संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के क्षमतावर्द्धन हेतु जिला स्तरीय आवृतिचर्या प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रभारी जिला पदाधिकारी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, रोहतास ने कृषि सांख्यिकी के आंकड़ों के संग्रहण एवं उनके महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को ससमय एवं सटीक प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि कृषि सांख्यिकी के आंकड़ों के माध्यम से जिले में फसलों के उत्पादन एवं उत्पादकता का आकलन किया जाता है। साथ ही, फसल बीमा के तहत क्षतिपूर्ति तथा बिहार राज्य फसल सहायता योजना के अंतर्गत किसानों को अनुदान एवं सहायता निर्धारित करने में भी इन आंकड़ों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इन आंकड़ों का उपयोग सरकार द्वारा विभिन्न नीतियों के निर्माण में भी किया जाता है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, जिला सांख्यिकी कार्यालय, रोहतास श्री राजेश कुमार एवं श्री अक्षय कुमार दूबे द्वारा कृषि सांख्यिकी से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें फसल क्षेत्र सर्वेक्षण, खेसरा पंजी का संधारण, जिन्सवार एवं द्रुत जिन्सवार, भूमि उपयोग विवरणी, शुद्ध सिंचित विवरणी, प्रक्षेत्र मूल्य, नेत्रांकन विधि, फसल सांख्यिकी सुधार तथा फसल कटनी प्रयोग सहित अन्य महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे।
इसके अतिरिक्त, कृषि सांख्यिकी से संबंधित कार्यों के प्रभावी निष्पादन हेतु ई-सांख्यिकी पोर्टल (e-Statistics Portal), CCE AgriApp एवं DGCES App सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।
उक्त प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के पदाधिकारी श्री सुमित कुमार, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी एवं प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।


रिपोर्टर