तुलसीपुर में दुकानदार पर चाकू से हमले के मामले में दो वांछित गिरफ्तार
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Oct 19, 2026
- 22 views
बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के तुलसीपुर गांव में रविवार देर शाम दुकान पर बैठे युवक पर चाकू से हमला करने के मामले में पुलिस ने दो वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। हमले में घायल युवक को गंभीर हालत में जिला अस्पताल रेफर किया गया था।
तुलसीपुर गांव निवासी विनोद पटेल (28) पुत्र रामजनत पटेल घर पर किराना समेत अन्य सामान की दुकान चलाते हैं। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे वह दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव के तीन-चार लोग वहां पहुंचे और चाकू से हमला कर दिया। हमले में विनोद के सिर और पीठ में चोटें आईं। शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो हमलावर फरार हो गए। परिजन घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरसठी ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार, मामले में मुकदमा अपराध संख्या 392/2026 के तहत बीएनएस की धारा 109(1), 118(2), 352 और 351(3) में मुकदमा दर्ज है। प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर सरसरा तिराहा और धनीपुर तिराहे से बंशराज तिवारी उर्फ बंशू और बंशबहादुर तिवारी उर्फ बंशलोचन निवासी तुलसीपुर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायालय भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अम्बीश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल हरीश यादव, कांस्टेबल रिजवान अली और रिजर्व आरक्षी नीरज पाल शामिल रहे।


रिपोर्टर