125 यूनिट मुफ्त बिजली और स्मार्ट मीटर अपडेट के नाम पर साइबर ठगों से रहें सावधान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 23, 2026
- 5 views
रोहतास।राज्य सरकार द्वारा घरेलू उपभोक्ताओं को 125 यूनिट मुफ्त बिजली दिए जाने के बाद साइबर अपराधी भी सक्रिय हो गए हैं। खासकर नए विद्युत कनेक्शन लेने वाले उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली का लाभ दिलाने, पंजीकरण एवं सत्यापन के नाम पर साइबर ठग गुमराह कर रहे हैं। इसके अलावा, स्मार्ट मीटर अपडेट और सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर फर्जी कॉल, संदेश और संदिग्ध लिंक भेजे जा रहे हैं। इसे देखते हुए विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से सतर्क रहने और किसी भी तरह के झांसे में नहीं आने की अपील की है।
विद्युत कार्यपालक अभियंता, सासाराम ई. ब्रवीम ने बताया कि साइबर अपराधी विभिन्न तरीकों से संदेश भेजकर लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक करने या मोबाइल ऐप डाउनलोड करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। मुफ्त बिजली का लाभ दिलाने और स्मार्ट मीटर अपडेट करने के नाम पर भेजे जा रहे फर्जी लिंक के जरिए मोबाइल फोन हैक कर बैंक खातों से पैसे की निकासी की जा सकती है। विभाग के अधिकारी एवं कर्मी लगातार लोगों को जागरूक कर रहे हैं, ताकि वे साइबर ठगी का शिकार न बनें।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी सरकारी योजना की आड़ में लोगों को ठगने के लिए फर्जी रजिस्ट्रेशन लिंक और एपीके फाइल भेज रहे हैं। वे दावा करते हैं कि फाइल डाउनलोड करने या लिंक पर क्लिक करने से ही मुफ्त बिजली का लाभ अथवा सब्सिडी मिलेगी। ऐसे झांसे में आने से मोबाइल का नियंत्रण साइबर अपराधियों के हाथों में जा सकता है और उपभोक्ताओं को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। इससे पहले भी स्मार्ट मीटर रिचार्ज और बिजली बिल नहीं कटने की चेतावनी जैसे बहानों से लोगों को ठगने के प्रयास किए जाते रहे हैं।
विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि मुफ्त बिजली योजना, नए विद्युत कनेक्शन या स्मार्ट मीटर अपडेट के नाम पर भेजे गए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही संदिग्ध ऐप डाउनलोड करें। किसी के साथ ओटीपी, एटीएम विवरण, यूपीआई पिन, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण साझा न करें। मुफ्त बिजली के नाम पर आने वाले संदिग्ध फोन कॉल और संदेशों से सावधान रहें तथा केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त सूचनाओं पर ही भरोसा करें।
विभाग द्वारा सोशल मीडिया, समाचार पत्रों एवं अन्य माध्यमों से लगातार जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। साइबर ठगी की आशंका होने या ठगी का शिकार बनने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।


रिपोर्टर