मतदाता पुनरीक्षण अभियान में लापरवाही न बरतें अधिकारी, एसडीएम ने दिए निर्देश

रामपुर में एसआईआर-2026 के कार्यों की समीक्षा, जनगणना-2027 के प्रशिक्षण का भी लिया जायजा


रामपुर (जौनपुर)। नगर पंचायत रामपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय परिसर में शनिवार को विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर-2026) के तहत उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं अजय कुमार उपाध्याय ने निरीक्षण कर मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) से अभियान के तहत किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी ने पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं तथा मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों को लेकर की जा रही कार्रवाई की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ से निर्धारित प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी लेते हुए कहा कि मतदाता पुनरीक्षण का कार्य पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए। पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के साथ ही सूची में मौजूद त्रुटियों को भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार दूर किया जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि मतदाताओं को फॉर्म भरने की प्रक्रिया के संबंध में सही जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रह जाए। इसके बाद उपजिलाधिकारी ने कंपोजिट विद्यालय परिसर में चल रहे जनगणना-2027 के प्रशिक्षण कार्यक्रम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण की व्यवस्था और संबंधित कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण अभियान और जनगणना से जुड़े कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने पर जोर दिया। इस अवसर पर नगर पंचायत रामपुर के अधिशासी अधिकारी कुंवर गौरव सिंह, वरिष्ठ लिपिक मनीष कुमार मिश्रा, लेखपाल विपिन यादव, लेखपाल रतन बहादुर यादव सहित संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट