54वें स्थापना दिवस के भव्य आयोजन को लेकर बैठक आयोजित


जिला स्थापना दिवस पर दो दिवसीय कार्यक्रम का होगा आयोजन, विद्यालयों से लेकर जिला मुख्यालय तक आयोजित होंगी विविध गतिविधियाँ



रोहतास। जिला पदाधिकारी, रोहतास के निदेशानुसार उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में आज डीआरडीए सभागार में रोहतास जिले के 54वें स्थापना दिवस के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में अपर समाहर्ता-सह-जिला दंडाधिकारी, बंदोबस्त पदाधिकारी, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में निर्णय लिया गया कि रोहतास जिले का 54वाँ स्थापना दिवस दो दिवसीय कार्यक्रम के रूप में भव्य तरीके से मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के विभिन्न अंचलों से लेकर जिला मुख्यालय सासाराम स्थित मल्टीपर्पज हॉल, फजलगंज तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य जिले की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक विरासत को प्रदर्शित करने के साथ-साथ आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।

स्थापना दिवस के अवसर पर विद्यालय स्तर पर बच्चों के लिए विभिन्न रचनात्मक एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ आयोजित की जाएँगी। वहीं, जिला मुख्यालय में ‘रन फॉर रोहतास’, सांस्कृतिक संध्या तथा नवोदित कलाकारों के लिए कविता पाठ (पोएट्री) कार्यक्रम आयोजित किए जाएँगे। इसके अतिरिक्त, जिले के स्थापित कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक संध्या में अपनी कला एवं प्रतिभा की प्रस्तुति दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान जीविका एवं आईसीडीएस विभाग के माध्यम से विभिन्न खाद्य स्टॉल भी लगाए जाएँगे, जिनके जरिए स्थानीय व्यंजनों एवं खाद्य उत्पादों को प्रोत्साहित करने का अवसर मिलेगा।

स्थापना दिवस समारोह को और अधिक उत्साहपूर्ण बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन के बीच मैत्रीपूर्ण क्रिकेट मैच के आयोजन का भी निर्णय लिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त ने स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में स्थित सभी स्मारकों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा संबंधित स्मारकों पर माल्यार्पण करने का विशेष निर्देश दिया। उन्होंने आयोजन से जुड़ी सभी तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर बल दिया।

जिला प्रशासन, रोहतास द्वारा जिले के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक परंपराओं एवं विकास यात्रा को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से स्थापना दिवस समारोह को सफल, सुव्यवस्थित एवं यादगार बनाने की दिशा में आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट