हाईटेंशन तार के कारण काव नदी पर पुल निर्माण में बाधा, सांसद प्रतिनिधि ने डीएम से की तार हटवाने की मांग
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 24, 2026
- 10 views
रोहतास। रोहतास जिले के सासाराम प्रखंड अंतर्गत विजवाही गांव के पास काव नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण हाईटेंशन बिजली तार के कारण बाधित हो रहा है। पुल निर्माण कार्य में आ रही इस समस्या को लेकर सांसद प्रतिनिधि संजय कुमार बिंद ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप करने की मांग की है।
इस संबंध में संजय कुमार बिंद ने जिलाधिकारी को आवेदन देकर बताया कि मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना (एमएमजीएसवाई) के तहत विजवाही गांव को हाईवे से जोड़ने के उद्देश्य से काव नदी पर पुल निर्माण की योजना स्वीकृत है। ग्रामीण कार्य विभाग की ओर से इसके लिए टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है।
उन्होंने आवेदन में कहा है कि पुल निर्माण स्थल के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार के कारण ठेकेदार को निर्माण कार्य शुरू करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ठेकेदार की ओर से तार हटाने के लिए संबंधित विभाग को लिखित सूचना भी दी गई है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
ग्रामीणों को मिलेगी आवागमन की सुविधा
सांसद प्रतिनिधि ने जिलाधिकारी से जनहित में मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विद्युत विभाग को हाईटेंशन तार हटाने के लिए आवश्यक निर्देश देने की मांग की है, ताकि पुल निर्माण कार्य जल्द शुरू हो सके। पुल बनने से विजवाही गांव सहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
उन्होंने प्रशासन से इस समस्या का शीघ्र समाधान कराकर पुल निर्माण कार्य को गति देने की अपील की है।


रिपोर्टर