रोडीज की टीम से मिला सासाराम का अपनापन,
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 26, 2026
- 2 views
बिहारी सत्तू और मां ताराचंडी के छायाचित्र से किया स्वागत
रोहतास ।मशहूर रियलिटी शो ‘रोडीज’ की टीम के सासाराम प्रवास के दौरान रोटरी क्लब सासाराम के सदस्यों ने टीम से मुलाकात कर इस पल को यादगार बना दिया। इस खास मुलाकात में बॉलीवुड अभिनेत्री नेहा धूपिया, रणविजय सिंह, निखिल चिनापा, फरहान साट सहित अन्य कलाकारों से मिलने का अवसर मिला।
इस दौरान रोटेरियन रौशन के.आर. गुप्ता, उनकी पत्नी रोटेरियन दीप्तिशिखा और रोटरी समूह के सदस्यों ने बिहार की समृद्ध परंपरा और स्थानीय संस्कृति की झलक पेश की। टीम के सदस्य रणविजय सिंह को बिहार की पहचान माने जाने वाले बिहारी सत्तू भेंट किए गए, जबकि अभिनेत्री नेहा धूपिया को मां ताराचंडी का छायाचित्र देकर सासाराम की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया गया।
इस पहल का उद्देश्य रोडीज की टीम को सासाराम की संस्कृति, परंपरा, प्रेम और मेहमाननवाजी से रूबरू कराना था। मुलाकात के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि सासाराम केवल एक शहर नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक विरासत, धार्मिक आस्था, संस्कार और आत्मीय व्यवहार के लिए भी जाना जाता है।
रोटरी क्लब से जुड़े सदस्यों ने सकारात्मक सोच के साथ सासाराम की बेहतर छवि प्रस्तुत करने पर जोर दिया। उनका मानना है कि कुछ लोगों की नकारात्मक टिप्पणियां पूरे शहर की पहचान नहीं हो सकतीं। सासाराम की असली पहचान यहां के लोगों का सम्मान, संस्कार, भाईचारा और अपनापन है।
रोडीज की टीम के साथ हुई यह मुलाकात स्थानीय संस्कृति और बिहार की पहचान को साझा करने का एक खास अवसर बनी। इस दौरान रोटरी क्लब के सदस्यों ने अपनी मिट्टी की खुशबू और मेहमाननवाजी के जरिए शहर की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करने का प्रयास किया।


रिपोर्टर