धनगाई कृषि विज्ञान केंद्र में दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेला शुरू, 1836 इकाइयों का लक्ष्य
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 26, 2026
- 1 views
रोहतास। खेती की लागत कम करने, उत्पादन बढ़ाने और किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के उद्देश्य से सोमवार को कृषि विज्ञान केंद्र, धनगाई में प्रथम दो दिवसीय कृषि यंत्रीकरण मेले का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी और काराकाट विधायक अरुण कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर मेले का उद्घाटन किया। मेले में विभिन्न कृषि यंत्र विक्रेताओं ने स्टॉल लगाकर किसानों को आधुनिक मशीनों की उपयोगिता और कार्यप्रणाली की जानकारी दी।मेले का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के इस्तेमाल के प्रति जागरूक करना और खेती को अधिक सुविधाजनक, समयबद्ध एवं लाभकारी बनाना है। आधुनिक मशीनों के उपयोग से श्रम और समय की बचत के साथ कृषि कार्यों की लागत कम करने तथा उत्पादकता बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
1836 कृषि यंत्र इकाइयों का लक्ष्य
वित्तीय वर्ष 2026-27 में रोहतास जिले को कृषि यंत्रीकरण योजना के तहत कुल 1836 इकाइयों का लक्ष्य मिला है। इसमें 1779 एकल कृषि यंत्र, नौ कस्टम हायरिंग सेंटर, 30 स्पेशल कस्टम हायरिंग सेंटर, 17 कृषि ड्रोन और एक फार्म मशीनरी बैंक शामिल हैं। इन घटकों के तहत करीब 9 करोड़ 72 लाख रुपये का अनुदान दिया जाना प्रस्तावित है।
आवेदन लक्ष्य से अधिक, ऑनलाइन लॉटरी से होगा चयन
जिले में एकल कृषि यंत्रों के लिए 2045 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। वहीं, विभिन्न प्रकार के कस्टम हायरिंग सेंटर स्थापित करने के लिए समूहों की ओर से 385 आवेदन मिले हैं। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार पात्र लाभार्थियों का चयन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत राज्य स्तर पर आयोजित होने वाली समेकित ऑनलाइन लॉटरी से किया जाएगा।लॉटरी में चयनित किसानों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से सूचना भेजी जाएगी। किसानों को अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर सक्रिय रखने और योजना से संबंधित आधिकारिक दिशा-निर्देशों पर ध्यान देने की सलाह दी गई है।मेले के माध्यम से किसानों को अपनी जरूरत के अनुसार कृषि यंत्रों की जानकारी लेने और आधुनिक तकनीक अपनाने का अवसर मिल रहा है। जिला प्रशासन ने किसानों से कृषि यंत्रीकरण योजनाओं का लाभ उठाकर खेती को अधिक उत्पादक और लाभकारी बनाने की अपील की है।


रिपोर्टर