भलुनी धाम श्री यक्षिणी महोत्सव में उमड़ेगा आस्था का सैलाब, चप्पे-चप्पे पर रहेगी प्रशासन की नजर
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Oct 31, 2026
- 42 views
14 नवंबर को महोत्सव और छठ पूजा का आयोजन को लेकर एसडीएम ने किया बैठक
रोहतास। जिले के दिनारा प्रखंड क्षेत्र के भलुनी धाम में श्री यक्षिणी महोत्सव एवं छठ पूजा में इस बार श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 14 नवंबर को होने वाले इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा से लेकर यातायात और बुनियादी सुविधाओं तक व्यापक इंतजाम करने की कवायद तेज कर दी है।
इसी सिलसिले में शनिवार को अनुमंडल पदाधिकारी दिलीप कुमार की अध्यक्षता में श्री यक्षिणी उच्च विद्यालय, भलुनी धाम परिसर में संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं छठ पूजा समिति के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई। इसके बाद एसडीएम ने अधिकारियों के साथ महोत्सव स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
एसडीएम दिलीप कुमार ने स्पष्ट किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन को पर्याप्त पुलिस बल एवं दंडाधिकारी की तैनाती, भीड़ नियंत्रण, सुचारु यातायात संचालन और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग को चिकित्सकीय टीम और एंबुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने, अग्निशमन विभाग को अग्नि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने तथा विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया। श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त रोशनी, साफ-सफाई, पार्किंग और सुगम आवागमन की व्यवस्था दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा भवन निर्माण एवं अन्य तकनीकी विभागों को आवश्यक आधारभूत सुविधाएं समय से उपलब्ध कराने तथा उत्पाद विभाग को भी सतर्कता और निगरानी बनाए रखने का निर्देश दिया गया। एसडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने और नियमित रूप से व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा।
उन्होंने कहा कि भलुनी धाम का महोत्सव धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व का आयोजन है। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में अधिकारियों की जिम्मेदारी है कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं में कोई कमी न रहे।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान एसडीपीओ बिक्रमगंज, भूमि सुधार उप समाहर्ता, कार्यपालक दंडाधिकारी, अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक, दिनारा, सूर्यपुरा एवं दावथ के प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, विभिन्न तकनीकी विभागों के अभियंता, अग्निशमन एवं उत्पाद विभाग के अधिकारी, नगर पंचायत दिनारा के कार्यपालक पदाधिकारी, संबंधित थानाध्यक्ष, पंचायत प्रतिनिधि तथा भलुनी धाम छठ पूजा समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य उपस्थित रहे।


रिपोर्टर