डीएम ने की सड़क, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 05, 2026
- 2 views
रोहतास। जिलाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में जिले में सड़क, विद्युत एवं पेयजल से संबंधित विभागों के कार्यों एवं तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पथ निर्माण विभाग (RCD) एवं ग्रामीण कार्य विभाग (RWD) के सभी प्रमंडलों की सड़कों की स्थिति एवं संबंधित कार्यों की समीक्षा की गई। इसके अतिरिक्त विद्युत विभाग के सासाराम एवं डेहरी प्रमंडलों तथा लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के कार्यपालक अभियंता से विभागीय कार्यों एवं पर्व-त्योहारों के मद्देनजर की गई तैयारियों की जानकारी प्राप्त की गई।
जिलाधिकारी ने छठ एवं दीपावली पर्व के अवसर पर आम नागरिकों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी संबंधित विभागों को अपने-अपने विभागीय दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी आवश्यक अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने पथ निर्माण विभाग एवं ग्रामीण कार्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी प्रमुख सड़कों, संपर्क पथों एवं ग्रामीण सड़कों का निरीक्षण कर आवश्यक मरम्मत एवं रखरखाव का कार्य समय पर पूरा करें। पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों के आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई नहीं होनी चाहिए। सड़कों पर गड्ढों की मरम्मत, आवागमन को सुचारु बनाए रखने तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।
विद्युत विभाग के सासाराम एवं डेहरी प्रमंडलों के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि छठ एवं दीपावली के दौरान निर्बाध एवं सुरक्षित विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करें। छठ घाटों, प्रमुख मार्गों एवं सार्वजनिक स्थलों के आसपास विद्युत तारों एवं उपकरणों की जांच कर आवश्यक मरम्मत कराई जाए। जर्जर तारों एवं क्षतिग्रस्त विद्युत उपकरणों को तत्काल ठीक करने तथा किसी भी प्रकार की विद्युत दुर्घटना की आशंका को रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया गया। साथ ही विद्युत आपूर्ति से संबंधित शिकायतों के त्वरित निष्पादन के लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया गया कि पर्व के दौरान पेयजल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें। सार्वजनिक स्थलों एवं छठ घाटों के आसपास पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त रखा जाए तथा खराब चापाकलों एवं पेयजल संबंधी अन्य समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि छठ एवं दीपावली जैसे महत्वपूर्ण पर्वों के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूर्ण करें तथा विभागीय निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान जनसुरक्षा, सुविधा एवं आवश्यक सेवाओं की उपलब्धता जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


रिपोर्टर