विद्युत ट्रांसफॉर्मर, बिजली के पोल एवं तारों के आसपास अतिक्रमण न करें, सुरक्षा नियमों का करें पालन : ई. ब्रवीम, ईईई
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 05, 2026
- 2 views
रोहतास।विद्युत दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा लोगों से विद्युत संरचनाओं के आसपास अतिक्रमण नहीं करने की अपील की गई है।
इस संबंध में विद्युत कार्यपालक अभियंता, सासाराम ई. ब्रवीम ने बताया कि विद्युत ट्रांसफॉर्मर, बिजली के पोल एवं विद्युत तारों के आसपास किसी भी प्रकार का अतिक्रमण करना बेहद खतरनाक है। इन स्थानों पर खेलना, कूड़ा-कचरा फेंकना, दुकान लगाना अथवा किसी प्रकार का अस्थायी निर्माण करना गंभीर विद्युत दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर सकता है। इससे न केवल संबंधित व्यक्ति, बल्कि आसपास रहने वाले अन्य लोगों की जान-माल को भी खतरा उत्पन्न हो सकता है।
उन्होंने कहा कि विद्युत उपकरणों एवं विद्युत लाइनों के आसपास अनधिकृत गतिविधियां विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को भी प्रभावित करती हैं। ऐसे अतिक्रमण जनसुरक्षा के लिए गंभीर खतरा हैं तथा नियमानुसार संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।
विद्युत कार्यपालक अभियंता द्वारा आम नागरिकों से अपील की गयी है की विद्युत ट्रांसफॉर्मर, पोल एवं तारों के आसपास सुरक्षित दूरी बनाए रखें, बिजली के उपकरणों के नीचे कूड़ा न डालें तथा किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न करें। उन्होंने कहा कि विद्युत सुरक्षा केवल विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी-सी सावधानी और जागरूकता बड़ी दुर्घटनाओं को रोक सकती है तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित कर सकती है।


रिपोर्टर