सेक्शन इंजीनियर की गिरफ्तारी से मचा हड़कंप, अन्य कर्मियों की भूमिका भी जांच के घेरे में
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Nov 27, 2026
- 3 views
बिक्रमगंज स्टोर पहुंचने से पहले ही निजी मिल में उतार दी गई लाखों की सामग्री, करीब 10 लाख रुपये का माल बरामद
रोहतास। रेलवे की संपत्ति की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। रफीगंज से बिक्रमगंज स्टोर भेजी जाने वाली रेलवे की लाखों रुपये की सामग्री कथित तौर पर निर्धारित गंतव्य तक पहुंचने के बजाय रोहतास जिले के मौडीहां गांव स्थित एक निजी मिल में उतार दी गई। मामले में टीआरडी विभाग के सेक्शन इंजीनियर अमित कुमार की गिरफ्तारी के बाद रेलवे महकमे में हलचल तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार, रफीगंज स्थित टीआरडी विभाग की रेल सामग्री को विभागीय प्रक्रिया के तहत बिक्रमगंज स्टोर भेजा जाना था। आरोप है कि परिवहन और विभागीय कागजात की आड़ में कीमती लोहे समेत अन्य सामग्रियों को पिकअप वैन से निजी मिल पहुंचा दिया गया। इस मामले में मिल संचालक मंटू उपाध्याय की भूमिका भी जांच के दायरे में है। छापेमारी के दौरान वह फरार हो गया, जबकि उसके पिता सुरेंद्र उपाध्याय समेत पांच अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई में करीब 10 लाख रुपये की रेलवे सामग्री बरामद होने के बाद सेक्शन इंजीनियर अमित कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
कागजों में एक जगह, हकीकत में दूसरी जगह पहुंचा माल
इस पूरे मामले में सबसे अहम सवाल यह है कि रेलवे की सामग्री की निकासी से लेकर उसके परिवहन और निर्धारित स्टोर तक पहुंचने की प्रक्रिया में किन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। आरपीएफ इस बात की पड़ताल कर रही है कि विभागीय दस्तावेजों में बिक्रमगंज भेजी जा रही सामग्री आखिर निजी मिल तक कैसे पहुंच गई। जांच का दायरा अब गिरफ्तार सेक्शन इंजीनियर तक सीमित नहीं है। आरपीएफ यह भी पता लगा रही है कि विभाग के अन्य कर्मियों की कथित मिलीभगत तो नहीं थी और क्या पहले भी इसी तरह रेलवे की संपत्ति को निजी हाथों में बेचा गया है। रेलवे के कुछ अधिकारी और कर्मचारी पूर्व में भी संपत्ति चोरी और अवैध बिक्री के मामलों में गिरफ्तार हो चुके हैं। इसके बावजूद ऐसी घटनाएं विभागीय निगरानी, जवाबदेही और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। आरपीएफ इंस्पेक्टर आरके कच्छवाहा के अनुसार, मामले में कार्रवाई जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।


रिपोर्टर