बरसठी थाना दिवस में पहुंचे 17 फरियादी, थाना प्रभारी ने सुनीं समस्याएं
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Nov 28, 2026
- 1 views
कानूनगो शेषमणि तिवारी सहित राजस्व टीम रही मौजूद, शिकायतों के शीघ्र निस्तारण के दिए गए निर्देश
बरसठी (जौनपुर)। स्थानीय थाना परिसर में शनिवार को थाना दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। थाना दिवस में राजस्व संबंधी कुल 17 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। हालांकि, किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। थाना प्रभारी ने सभी प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को सौंपते हुए शीघ्र एवं निष्पक्ष निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राजस्व विभाग की ओर से कानूनगो शेषमणि तिवारी, अमर सिंह और राजनरायन यादव मौजूद रहे। पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने फरियादियों की शिकायतें सुनकर संबंधित मामलों की जानकारी ली। अधिकांश शिकायतें जमीन संबंधी विवादों से जुड़ी रहीं।
थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने कहा कि थाना दिवस का मुख्य उद्देश्य आम जनता की समस्याओं को सुनकर उनका त्वरित और निष्पक्ष समाधान कराना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, ताकि फरियादियों को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान पुलिस एवं राजस्व विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।


रिपोर्टर