नेपाल से 88 बोतल नेपाली शराब की खेप लेकर आ रहा तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल जप्त
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 28, 2026
- 6 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर ----- बिहार में पूर्ण शराबबंदी के बावजूद नेपाल से शराब की तस्करी का खेल लगातार जारी है। इसी कड़ी में शिवहर पुलिस ने शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 88 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक मोहिबुल्लाह अंसारी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत, शनिवार को पुरनहिया थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि नेपाल की ओर से एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से शराब की खेप लेकर हथिसार की तरफ जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने जालकीड़ा-हथिसार रोड पर वाहन जांच अभियान शुरू किया।
इसी दौरान संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार पुलिस को देखकर भागने लगा। हालांकि, पुलिस जवानों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। गिरफ्तार तस्कर की पहचान पिपराही थाना क्षेत्र के बैरिया गांव निवासी राजेश पासवान के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल की सीट पर बंधे झोले से 59 बोतल और डिक्की से 29 बोतल नेपाली करिश्मा देसी शराब बरामद की गई। सभी बोतलें 300 एमएल की हैं। इस तरह कुल 88 बोतल में 26.4 लीटर शराब जब्त की गई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जिले में शराब के अवैध निर्माण, बिक्री, परिवहन और भंडारण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। इस धंधे में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


रिपोर्टर