रास्ते के विवाद में साले ने जीजा की पत्थरों से मारपीट कर की हत्या
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Nov 28, 2026
- 1 views
पचोर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार
राजगढ़ । पुलिस अधीक्षक राजगढ़ श्री अमित तोलानी (भा.पु.से.) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री के.एल. बंजारे के मार्गदर्शन एवं एसडीओपी सारंगपुर श्री महेश सुनैया के नेतृत्व में थाना पचोर पुलिस द्वारा हत्या के गंभीर प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई है।
दिनांक 26.11.2026 को प्रातः लगभग 08:30 बजे ग्राम पानिया में रास्ते के विवाद को लेकर धूलसिंह गुर्जर एवं उसके साले चंदरसिंह गुर्जर तथा चंदरसिंह की पत्नी भूरीबाई गुर्जर के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान चंदरसिंह एवं उसकी पत्नी भूरीबाई ने अपने जीजा धूलसिंह गुर्जर के साथ पत्थरों से मारपीट की, जिससे धूलसिंह को गंभीर अंदरूनी चोटें आईं।
घायल धूलसिंह को उसके पुत्र धनसिंह एवं गोविंद द्वारा उपचार हेतु शासकीय अस्पताल पचोर ले जाया गया। अस्पताल से प्राप्त मेडिकल रिपोर्ट एवं फरियादी गोविंद गुर्जर की रिपोर्ट पर थाना पचोर में आरोपी चंदरसिंह गुर्जर एवं उसकी पत्नी भूरीबाई गुर्जर के विरुद्ध अपराध क्रमांक 553/26, धारा 296(बी), 115(2), 351(3), 3(5) बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल धूलसिंह को बेहतर उपचार हेतु शासकीय अस्पताल शाजापुर रेफर किया गया, जहां गोहिल सम्पूर्ण अस्पताल में उपचार के दौरान मारपीट में आई चोटों के कारण धूलीसिंह पिता देवासिंह गुर्जर, उम्र 65 वर्ष, निवासी ग्राम पानिया की मृत्यु हो गई। इसके बाद प्रकरण में धारा 103(1) बीएनएस का इजाफा किया गया।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना पचोर पुलिस की विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश एवं गिरफ्तारी के प्रयास प्रारंभ किए गए। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में जानकारी एकत्रित कर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। साइबर सेल राजगढ़ की मदद से मुख्य आरोपी की लोकेशन एवं गतिविधियों की जानकारी प्राप्त कर लगातार तलाश की गई।
पुलिस टीम ने तत्परता एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए प्रकरण के मुख्य आरोपी चंदरसिंह पिता देवीसिंह गुर्जर, उम्र 50 वर्ष, निवासी ग्राम पानिया को घटना के 24 घंटे के भीतर ग्राम पानिया से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ एवं मेमोरेंडम के आधार पर घटना में प्रयुक्त पत्थर घटनास्थल से जब्त किया गया है। प्रकरण की दूसरी आरोपिया भूरीबाई गुर्जर घटना दिनांक से फरार है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है।


रिपोर्टर