स्कूल जा रहे दो मासूमों को ट्रक ने कुचला, मौके पर हुई मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर आवागमन किया अवरूद्ध
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 28, 2026
- 8 views
डायवर्सन और अवैध कट को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
संवाददाता अमित कुमार सिंह की रिपोर्ट
चेनारी (रोहतास)--- थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार की सुबह एक हृदयविदारक सड़क हादसे में दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना चेनारी थाना क्षेत्र के खुरमाबाद के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुई। दोनों बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकले थे, तभी तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आ गए। हादसा इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।
मृत बच्चों की पहचान करगहर थाना क्षेत्र के बरेहटा गांव निवासी संतोष राम के चार वर्षीय पुत्र आदित्य कुमार तथा खुरमाबाद गांव निवासी बालकृष्ण राम की पांच वर्षीय पुत्री छोटी कुमारी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि दोनों बच्चे आपस में रिश्तेदार थे और आदित्य अपने मामा बालकृष्ण राम के घर रहता था।
स्कूल जाने के दौरान हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार की सुबह दोनों बच्चे राजकीय मध्य विद्यालय, खुरमाबाद में पढ़ने जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने दोनों को अपनी चपेट में ले लिया। ट्रक की टक्कर से दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
डायवर्सन और अवैध कट को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश
दो मासूमों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने NH-19 को जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि सड़क निर्माण कंपनी की ओर से बनाए गए डायवर्सन और अवैध कट के कारण इस इलाके में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी किए जाने का भी आरोप लगाया। लोगों ने सड़क निर्माण कंपनी की जवाबदेही तय करने और हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रक चालक के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
तीन घंटे की भारी मशक्कत के बाद बहाल हुआ यातायात
घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। हालांकि, लोगों के विरोध के कारण पुलिस को जाम हटवाने में करीब दो घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी। इसके बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात सामान्य कराया गया।
पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सासाराम भेज दिया है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सड़क सुरक्षा पर फिर उठे सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था और निर्माण कार्य के दौरान बरती जा रही सावधानियों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि दुर्घटनास्थल पर सुरक्षित डायवर्सन, उचित संकेतक और यातायात नियंत्रण की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।


रिपोर्टर