शिवहर में बाल विवाह के खिलाफ ऐतिहासिक मुहिम, 53 पंचायतों में एक साथ गूंजा संकल्प
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Nov 28, 2026
- 10 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर--- जिलाधिकारी प्रतिभा रानी के निर्देशानुसार महिला एवं बाल विकास निगम के आलोक में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत अंतर्राष्ट्रीय दिवस के अवसर पर जिले की सभी 53 पंचायतों में जबरन विवाह के उन्मूलन हेतु व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अभियान का उद्देश्य बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव और महिलाओं के प्रति हिंसा को रोकना तथा बच्चों की शिक्षा एवं सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
53 पंचायतों में संकल्प
जिले के सभी पंचायतों के विद्यालयों में किशोरी बच्चियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं, पुलिस प्रशासन, महिला थाना शिवहर, जीविका दीदियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं एवं आशा दीदियों ने एक साथ बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान नारा लेखन, प्रभात फेरी, रैली, शपथ ग्रहण और कैंडल मार्च का आयोजन किया गया।
बच्चों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों को बाल विवाह के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। सभी ने बाल विवाह रोकने, बेटियों को शिक्षित करने और समानता पूर्ण समाज बनाने की शपथ ली।
आदिथी कवच ने संभाली कमान
आदिथी कवच परियोजना, शिवहर के प्रतिनिधियों द्वारा पूरे जिले में सघन जागरूकता अभियान चलाया गया। जगह-जगह प्रभात फेरी निकाली गई और लोगों को बाल विवाह के सामाजिक, शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संबंधी दुष्परिणामों के बारे में बताया गया।
जीरो माइल चौक पर उमड़ा जनसैलाब
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक दृश्य शिवहर के जीरो माइल चौक पर देखने को मिला, जहां देर शाम सैकड़ों लोगों ने हाथों में मोमबत्ती लेकर कैंडल मार्च निकाला। पूरा चौक “बाल विवाह बंद करो, बेटी पढ़ाओ-बेटी बचाओ” तथा “आओ मिलकर बढ़ाए कदम, बाल विवाह को मिटाए हम” के नारों से गूंज उठा।
कैंडल मार्च के दौरान यातायात डीएसपी भाई भारत कुमार ने कहा कि बाल विवाह, लैंगिक भेदभाव, महिलाओं के प्रति हिंसा एवं नशाखोरी जैसी सामाजिक बुराइयों के विरुद्ध सामूहिक प्रयास की प्रतिबद्धता सबके बीच होनी चाहिए। उन्होंने आमजनों से अपील की कि वे बच्चों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य को प्राथमिकता दें तथा बाल विवाह मुक्त, समानता पूर्ण एवं नशा मुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।
ये रहे उपस्थित
कैंडल मार्च में यातायात डीएसपी भाई भारत कुमार, आदिथी कवच परियोजना शिवहर की जिला प्रोग्राम समन्वयक कोमल कुमारी, प्रखंड समन्वयक रामायण कुमार, शिवम कुमार, अभिषेक कुमार, महिला थाना अध्यक्ष सौरभ लता, महिला हेल्पलाइन की प्रशासिका रानी कुमारी सहित बड़ी संख्या में जिला प्रशासन के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक स्वर में संकल्प लिया—“न बाल विवाह होगा, न होने देंगे, शिवहर को बाल विवाह मुक्त बनाकर ही रहेंगे।”


रिपोर्टर