
प्रखंड मुख्यालय में जिलाधिकारी सावन कुमार ने लगाया जनता दरबार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, ब्यूरो चीफ कैमूर
- Sep 10, 2024
- 212 views
संवाददाता श्याम सुंदर पांडेय की रिपोर्ट
दुर्गावती(कैमूर)-सोमवार को प्रखंड मुख्यालय के प्रांगण में कैमूर डीएम सावन कुमार ने लगाया गया जनता दरबार।मिली जानकारी के अनुसार कैमूर डीएम सावन कुमार के द्वारा सरकार की जितनी भी चलाई जा रही योजनाये है उनके बारे में लोगों को अवगत कराया गया और भूमि सर्वे के दौरान आ रही समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन भी दिया। इस दौरान प्रखंड मुख्यालय के सभी विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी के जनता दरबार में सबसे अधिक भूमि संबंधित शिकायत सामने आई। जिलाधिकारी ने कुछ शिकायतों का समाधान तत्काल किया जबकि अन्य मामलों के समाधान का रास्ता भी बताया।
वही प्रेस को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि लंबे अर्से के बाद भूमि सर्वे का काम किया जा रहा है तमाम तरह की शिकायतें होगी और सामने आ भी रही हैं जिसका समाधान किया जाएगा। जो छोटे-बड़े रैयत हैं उनमें कई तरह का विरोधाभास भी है। इस समस्या का समाधान करने के लिए 13 या 14 सितंबर को एक घंटे की प्रेस वार्ता होगी जिसमें एक-एक बिंदुओं पर विचार विमर्श किया जाएगा। भूमि सर्वे के दौरान सरकार ने जो निर्देश दिए हैं उसके बारे में लोगों को बताया जाएगा। हालांकि सरकार की ओर से विज्ञापन प्रकाशित किया जा रहा है। भूमि सुधार विभाग के द्वारा खबर के जरिए भी बहुत चीजें स्पष्ट कर दी गई हैं। बहुतेरे किसानों की शिकायत है कि खतियान उपलब्ध नहीं हो रहा है। दाखिल खारिज में समस्या हो रही है। रसीद भी नहीं कट रहा है। ऐसी स्थिति में भूमि सर्वे के दौरान अपना दस्तावेज कैसे प्रस्तुत करेगें। डीएम ने कहा कि जिस तरह से शिकायतें आ रही हैं सभी को बिंदुवार नोट किया जा रहा है। सभी समस्याओं का समाधान करने के बाद जनहित में प्रकाशित किया जाएगा ताकि भूमि सर्वे में किसी भी तरह की कोई परेशानी न हो। आपको बता दें कि भूमि सुधार विभाग ने स्पष्ट कहा है कि वंशावली स्वप्रमाणित देना है। इसके लिए मजिस्ट्रेट नोटरी या जनप्रतिनिधियों से प्रमाणित करना जरूरी नहीं है साथ ही मृत्यु प्रमाण पत्र की भी जरूरत नहीं है। डीएम ने बताया कि जिनका मालगुजारी रसीद लंबे समय से बाकी है उन्हें पूरा जमा करना पड़ेगा। इस दौरान अंचल प्रखंड कृषि आपूर्ति और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी समस्याओं की भी डीएम ने सुनवाई की।
रिपोर्टर