बागेश्वर धाम महाराज धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम में अफरातफरी, कार्यक्रम बीच में छोड़कर लौटे
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jan 04, 2025
- 422 views
भिवंडी। बागेश्वर धाम महाराज धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भिवंडी के दिवे अंजूर स्थित इंडियन कॉर्पोरेशन गोदाम संकुल में आयोजित सत्संग और दर्शन कार्यक्रम में विभूति लेने के लिए मची भगदड़ के कारण कार्यक्रम को बीच में ही रोकना पड़ा। धीरेंद्र शास्त्री अफरातफरी के चलते मंच छोड़कर लौट गए। शनिवार को दोपहर 3 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भक्त जुटे थे। विभूति वितरण के दौरान महाराज ने पहले महिलाओं और फिर पुरुषों से अनुशासन बनाए रखते हुए लाइन में विभूति लेने की अपील की थी। लेकिन भक्तों की संख्या बढ़ने के कारण महिलाओं और पुरुषों ने एक साथ मंच की ओर धावा बोल दिया, जिससे स्थिति अनियंत्रित हो गई। भीड़ के दबाव में मंच की सीढ़ियों की रेलिंग टूट गई, जिससे कुछ महिलाएं नीचे गिर गईं और कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बेकाबू होता देख पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और भीड़ को नियंत्रित किया गया।गनीमत रही कि पुलिस ने समय पर स्थिति संभाल ली, जिससे बड़ी दुर्घटना टल गई। लेकिन इस अव्यवस्था के कारण धीरेंद्र शास्त्री ने कार्यक्रम को बीच में ही छोड़ दिया और वहां से रवाना हो गये।


रिपोर्टर