लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए पत्रकारों को निडर पत्रकारिता करनी चाहिए: सांसद बाल्या मामा

भिवंडी। “पत्रकार समाज का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में उनकी जिम्मेदारी बढ़ जाती है। आज के समय में लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए निडर पत्रकारिता करना आवश्यक है,” ऐसा विचार भिवंडी लोकसभा सांसद सुरेश म्हात्रे उर्फ बाल्या मामा ने व्यक्त किया। सोमवार को महानगर पत्रकार संघ और श्री साई सेवा संस्था के संयुक्त आयोजन में पत्रकार सम्मान समारोह के दौरान सांसद म्हात्रे ने यह बात कही। इस अवसर पर मंच पर वरिष्ठ पत्रकार तुळसीदास भोईटे, संजय पितले, संजय भोईर, भगवान चंदे, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के भिवंडी लोकसभा संपर्क प्रमुख साईनाथ तारे, पूर्व जिला परिषद सदस्य कुंदन पाटील, श्री साई सेवा संस्था की अध्यक्ष डॉ. स्वाती सिंह, उपजिला अस्पताल की मेडिकल अधीक्षक डॉ. माधवी पंदारे सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे।

सांसद म्हात्रे ने कहा, “पत्रकारों को समाज में सत्य के पक्ष में रहते हुए निडरता से पत्रकारिता करनी चाहिए। यदि मैं भी किसी दिन गलत करूंगा, तो आप सबको मेरी गलतियों की खबर बनानी चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों के पास इतनी ताकत है कि वे राज्य और देश की सत्ता को भी हिला सकते हैं।

शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) पार्टी के भिवंडी लोकसभा संपर्क प्रमुख साईनाथ तारे ने कहा कि राज्य में मराठी लोगों पर हो रहे अन्याय के खिलाफ पत्रकारों को आवाज उठानी चाहिए और शासन को जागरूक करना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार तुलसीदास भोईटे ने पत्रकारों की समस्याओं को हल करने के लिए एकजुट होने की अपील की। वरिष्ठ पत्रकार संजय पितले ने आश्वासन दिया कि भिवंडी के पत्रकारों के घर के मुद्दे को मनपा और शासन के समक्ष रखकर समाधान किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान शहर के पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट