
सासाराम में दिखा तेंदुआ
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Mar 08, 2025
- 148 views
रोहतास। जिला मुख्यालय सासाराम में वन क्षेत्र के पास स्थित ताराचंडी और बुढ़वा महादेव मंदिर के आसपास दो तेंदुओं की मौजूदगी दर्ज की गई है। जहां एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में दोनों तेंदुए रात के समय घूमते हुए नजर आए। रोहतास के वन प्रमंडल पदाधिकारी ने इस क्षेत्र में तेंदुओं की उपस्थिति की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि रात के समय तेंदुए अक्सर जंगल से बाहर आ जाते हैं। हालांकि वायरल हो रहे वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। यह क्षेत्र कैमूर पहाड़ी का वन क्षेत्र है, जहां पहले भी कई बार तेंदुओं की मौजूदगी के प्रमाण मिले हैं। पर्यावरण प्रेमी इस घटना को पर्यावरण संरक्षण का सकारात्मक संकेत मान रहे हैं।
वन विभाग ने बताया कि यह इलाका तेंदुओं का प्राकृतिक आवास है और उनका यहां विचरण करना सामान्य बात है। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषकर रात के समय इन क्षेत्रों में आवाजाही से बचने को कहा गया है। वन विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है ताकि मानव-वन्यजीव संघर्ष की कोई स्थिति न बने।बता दें कि इससे पहले ,समय समय पर गुप्ताधाम ,तुतला भवानी और महादेव खोह में भी तेंदुआ देखा जा चुका है ।
रिपोर्टर