गोदाम से चोरी किया गया 24 लाख के 26 लैपटॉप बरामद, दो कुख्यात अपराधी गिरफ्तार

भिवंडी।  नारपोली पुलिस थाना क्षेत्र में एक गोदाम में सेंध लगाकर चोरी किए गए 26 लैपटॉप की वारदात का पर्दाफाश करते हुए पुलिस की अपराध शाखा ने दो कुख्यात आरोपियों को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 24 लाख 65 हजार रुपये मूल्य के लैपटॉप बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, नारपोली क्षेत्र के एक गोदाम में सेंध लगाकर 26 लैपटॉप की चोरी की गई थी। मामले की जांच के दौरान अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार को गुप्त सूचना मिली। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। जब पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की, तो पता चला कि दोनों आरोपी कर्नाटक राज्य के यादगिर जिले के कन्याकोल तांडा इलाके में छिपे हुए हैं। इसके बाद, भिवंडी अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनवणे के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार, सहायक उप-निरीक्षक सुधाकर चौधरी और पुलिस टीम के अन्य सदस्य प्रकाश पाटिल, प्रशांत राणे, सुदेश घाग, सचिन जाधव, अमोल इंगले, भावेश घरत और विजय कुंभार कर्नाटक पहुंचे। वहां से दिलीप बसवराज चव्हाण (20) और अर्जुन मुन्नु राठौड़ (23), निवासी पूर्णा, भिवंडी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने लिनोवा कंपनी के 26 लैपटॉप और चोरी में इस्तेमाल किया गया वाहन जब्त किया। कुल बरामद माल की कीमत 24 लाख 65 हजार रुपये आंकी गई है। ये दोनों आरोपी कर्नाटक के कन्याकोल तांडा के रहने वाले हैं और पहले भी गोदामों की रेकी कर दीवार तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। उनके खिलाफ पहले भी भिवंडी ग्रामीण पुलिस थाना में मामला दर्ज है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट