भिवंडी अपराध शाखा ने 15 लाख के महंगे धातु के साथ एक आरोपी को किया गिरफ्तार
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Mar 29, 2025
- 267 views
भिवंडी। भिवंडी पुलिस उपायुक्त परिक्षेत्र के गोदाम क्षेत्र में बढ़ती घरफोड़ियों के बीच, भिवंडी अपराध शाखा को एक बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 15 लाख रुपये मूल्य के महंगे धातु को बरामद करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, नारपोली पुलिस थाने में 11 मार्च को एक घरफोड़ी का मामला दर्ज किया गया था, जिसमें गोदाम से 15 लाख रुपये कीमत के कार्बाइड इंसर्ट, टंगस्टन धातु के इंडस्ट्रियल टूल्स समेत 550 किलो माल चोरी हो गया था। इस मामले की जांच के दौरान, भिवंडी अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार को गुप्त सूचना मिली कि यह चोरी कात्रज, पुणे निवासी सराईत अपराधी अभिजीत चंद्रकांत टेकले ने अंजाम दी है।
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनावणे के मार्गदर्शन में, सहायक पुलिस निरीक्षक धनराज केदार के नेतृत्व में पुलिस टीम जिसमें सुधाकर चौधरी, राणे, सचिन जाधव, अमोल इंगले, भावेश घरात और विजय कुंभार शामिल थे, ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी के मोबाइल फोन का लोकेशन ट्रेस कर उसे कात्रज, पुणे से गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से चोरी किया गया संपूर्ण 15 लाख रुपये मूल्य का माल बरामद कर लिया गया। भिवंडी अपराध शाखा के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जनार्दन सोनावणे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर