
भिवंडी में भव्य 'सिंदूर यात्रा' का आयोजन,महिलाओं की भारी भागीदारी
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 19, 2025
- 181 views
सिंदूर अब केवल सुहाग नहीं, नारी शक्ति, साहस और स्वाभिमान का प्रतीक — सुनीता टावरे
भिवंडी। भिवंडी में भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा की जिला अध्यक्षा सुनीता यशवंत टावरे के नेतृत्व में सोमवार को देशभक्ति और भारतीय सैनिकों के सम्मान में 'सिंदूर यात्रा' का आयोजन किया गया। यह यात्रा भंडारी चौक से प्रारंभ होकर बालाजी नगर स्थित वंदना होटल होते हुए नारपोली चौक तक पहुंची और पुनः भंडारी चौक पर इसका समापन हुआ। इस यात्रा में शहर की असंख्य महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिन्होंने तिरंगे के रंगों में रंगकर देशप्रेम और नारी शक्ति का संदेश दिया। यह आयोजन 'ऑपरेशन सिंदूर' में भारतीय सेना की वीरता को समर्पित था, जिसमें भारत ने पीओके और पाकिस्तान के आतंकी ठिकानों पर सटीक और सफल कार्रवाई कर जैश-ए-मोहम्मद व लश्कर-ए-तैयबा जैसे संगठनों को भारी नुकसान पहुंचाया था।इस अवसर पर सुनीता टावरे ने अपने संबोधन में कहा, "सिंदूर भारतीय नारी के वैवाहिक जीवन का प्रतीक तो है ही, लेकिन आज यह केवल सुहाग का नहीं बल्कि नारी शक्ति, साहस, शौर्य और स्वाभिमान का भी प्रतीक बन चुका है। ऑपरेशन सिंदूर की नायिकाएं वियोमिका और सोफिया कुरैशी इस बात का जीवंत उदाहरण हैं।"सिंदूर यात्रा में महिला मोर्चा की वरिष्ठ सदस्य सुगंधा टावरे, निर्मला टावरे, वैशाली पाटिल, रुचिता धोंडे, शोभा तिवारी, शीला बेडगे, डिंपल व्यास, नीलम साबजकर, मीरा अडसुले, कौशल्या जयसवाल, मंजूलता दुबे, उर्मिला पटेल, पवित्रा इंदुरकर, गीता गुप्ता, नैना शहा सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर देशप्रेम और एकजुटता का प्रदर्शन किया।यह यात्रा नारी सशक्तिकरण और देश की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्धता का प्रतीक बन गई, जिसने शहरवासियों के दिलों में देशभक्ति की नई ऊर्जा का संचार किया।
रिपोर्टर