चुनाव में खिलाफ काम करने के आरोप में युवक की पिटाई

भाजपा के पूर्व नगरसेवक के बेटे पर मामला दर्ज

भिवंडी। भिवंडी मनपा चुनाव के बाद शहर में चुनावी रंजिश के मामले सामने आ रहे हैं। ताजा घटना फेनेपाड़ा इलाके से सामने आई है, जहां चुनाव में अपने खिलाफ काम करने के आरोप में पराजित भाजपा उम्मीदवार के बेटे ने गुस्से में आकर एक व्यक्ति की जमकर पिटाई कर दी। पीड़ित की शिकायत पर भिवंडी शहर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार भिवंडी मनपा के प्रभाग क्रमांक 22 से निर्दलीय उम्मीदवार नितेश ऐंकर ने भाजपा उम्मीदवार और पूर्व नगरसेवक श्याम अग्रवाल को महज 21 वोटों से हराकर जीत दर्ज की थी। चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद क्षेत्र में राजनीतिक तनाव बना हुआ है।

आरोप है कि शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे पराजित उम्मीदवार श्याम अग्रवाल का बेटा कुशाग्रा अग्रवाल अपने साथी प्रवीण पाटिल और संतोष यादव के साथ फेनेपाड़ा इलाके में स्थित प्रभाकर प्रजापति के घर में घुस गया। आरोपियों ने प्रभाकर प्रजापति पर निर्दलीय उम्मीदवार नितेश ऐंकर के पक्ष में प्रचार करने और भाजपा उम्मीदवार के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर लाठी-डंडों से मारपीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उसे जबरन उठा ले जाने की धमकी भी दी, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। घायल अवस्था में प्रभाकर प्रजापति को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद भिवंडी शहर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। प्रभाकर प्रजापति की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुशाग्रा अग्रवाल सहित तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। चुनाव के बाद लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं से शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट