पालिका ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को दिया स्नेहभरा विदाई सम्मान
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- May 31, 2025
- 354 views
भिवंडी। भिवंडी-निजामपूर शहर महानगरपालिका ने अपनी सेवाएं पूर्ण कर चुके 25 कर्मचारियों को गरिमामय समारोह में भावभीनी विदाई दी। नियत वयोमानुसार सेवानिवृत्त और स्वेच्छानिवृत्त हुए इन कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक विदा कर महापालिका प्रशासन ने एक अनुकरणीय परंपरा निभाई।
गौरतलब हो कि महापालिका के प्रशासक तथा आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन नविन प्रशासकीय इमारत के तृतीय तल स्थित स्व. विलासराव देशमुख सभागृह में किया गया। समारोह में अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके ने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों को शाल व पुष्पगुच्छ भेंट कर उनके योगदान के लिए सम्मानित किया और उनके सुखद व स्वस्थ भविष्य की शुभकामनाएं दीं। सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों में प्रशासनिक, लेखा, लिपिकीय, वाहन चालक, मुकादम, स्वच्छता कर्मचारी जैसे विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी शामिल थे। इनमें प्रमुख रूप से राजेंद्र ( राजू) वरलीकर, नंदकुमार चौधरी, किसन पवार, श्रीमति नंदना सुर्वे, श्री आप्पा शिंदे, नरेश सालवे, मधुकर भोईर, गुलचंद जाधव, दिलीप दुर्गावले, देवराम खैरे, वंदना गायकवाड, श्रीमती इंदू कांबले आदि शामिल हैं। कार्यक्रम में मनपा के विविध विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, कर्मचारी संघटनाओं के प्रतिनिधि और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के परिजन भी बड़ी संख्या में उपस्थित थे। पूरे समारोह का वातावरण स्नेह, सम्मान और भावनाओं से ओतप्रोत रहा। महापालिका प्रशासन द्वारा आयोजित यह विदाई समारोह न केवल एक संवेदनशील पहल साबित हुआ, बल्कि इससे यह भी सिद्ध हुआ कि सेवा समाप्ति के बाद भी कर्मियों के योगदान को भुलाया नहीं जाता, बल्कि उन्हें गरिमा और आदर के साथ विदाई दी जाती है।


रिपोर्टर