विश्व पर्यावरण दिवस पर भिवंडी मनपा का हरित संकल्प, 800 पौधों का वृक्षारोपण
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jun 05, 2025
- 197 views
भिवंडी। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में भिवंडी-निजामपुर शहर महानगरपालिका के उद्यान व वृक्ष प्राधिकरण विभाग द्वारा वर्ष 2025-26 के मानसून काल में अधिक से अधिक वृक्षारोपण करने की राज्य शासन की नीति के अनुरूप एक भव्य वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत की गई। कार्यक्रम के तहत विभिन्न प्रभागों में कांचन, बहावा, अर्जुन, जांभुल, आम, बकुल और रक्तचंदन जैसे स्थानीय प्रजातियों के कुल 800 पौधे लगाए गए। प्रभाग समिति क्र.1 के अंतर्गत 200 वृक्ष लगाए गए, जिनकी देखरेख AMRUT और DAY-NULM के अंतर्गत आगाज महिला बचत गट द्वारा की जाएगी। प्रभाग समिति क्र.2 के अंतर्गत भादवड स्मशानभूमि परिसर में 200 बांस के पौधों का रोपण किया गया। प्रभाग समिति क्र.3 के अंतर्गत वऱ्हाला तलाव उद्यान परिसर में 100 पौधे लगाए गए, जिनका संरक्षण महिला बचत गट करेगी। प्रभाग समिति क्र.4 के कार्यालय परिसर में उपयुक्त स्थान पर 100 पौधों का वृक्षारोपण उपआयुक्त (मुख्य) विक्रम दराडे व अन्य अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। दिवानशहा दर्गा तलाव परिसर में गरीब नवाज फाउंडेशन (NGO) की सहभागिता से 200 पौधे लगाए गए, जिनका संरक्षण फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और पर्यावरण प्रेमियों से अपील की कि वे मानसून काल में अधिक से अधिक वृक्ष लगाएं और उनका संरक्षण कर पर्यावरण संतुलन में महानगरपालिका को सहयोग दें।इस अभियान का शुभारंभ अजवा होटल के पीछे, मिल्लत नगर रोड स्थित नवविकसित उद्यान में अतिरिक्त आयुक्त विठ्ठल डाके के शुभ हस्तों संपन्न हुआ। इस अवसर पर पूर्व उपमहापौर इमरान वली मोह. खान, उपआयुक्त (उद्यान) बालकृष्ण क्षिरसागर, सहायक आयुक्त शैलेश दोंदे, सहायक आयुक्त नितीन पाटिल, सहायक आयुक्त (प्रभाग अधिकारी) अजित महाडिक, प्रभाग समिति क्र.1 के प्रभाग अधिकारी मकसूम शेख, वसीम शेख (उपअभियंता), फैसल तातली (स्वास्थ्य विभाग), श्रीकांत परदेशी (जनसंपर्क अधिकारी), स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता, आगाज महिला बचत गट की महिलाएं एवं मनपा के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित थे।


रिपोर्टर