स्कूल जाती छात्रा के अपहरण की कोशिश नाकाम, बहादुरी से खुद को बचाया
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Jul 13, 2025
- 273 views
16 वर्षीय छात्रा ने सूझबूझ और साहस से टाला बड़ा हादसा, आरोपी रिक्शा चालक फरार
भिवंडी। देशभर में महिलाओं और नाबालिग लड़कियों पर बढ़ते अपराधों के बीच भिवंडी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसमें एक 16 वर्षीय स्कूली छात्रा ने बहादुरी और सूझबूझ से अपने अपहरण की कोशिश को नाकाम कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, फातमा नगर की रहने वाली छात्रा दोपहर करीब 12 बजे स्कूल जाने के लिए ऑटो रिक्शा में सवार हुई थी। जब रिक्शा रामनगर स्थित स्कूल के पास पहुँचा, तब छात्रा ने ड्राइवर से वाहन रोकने को कहा, लेकिन चालक ने उसे नजरअंदाज कर रिक्शा आगे बढ़ा दिया और सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया। स्थिति को भांपते हुए छात्रा ने बिना देर किए साहसिक निर्णय लेते हुए चलती रिक्शा से कूद गई और जोर-जोर से चिल्लाने लगी। छात्रा की चीख-पुकार सुनकर आसपास के राहगीरों ने तुरंत उसकी मदद की, लेकिन तब तक आरोपी चालक रिक्शा लेकर फरार हो गया। घटना के बाद छात्रा स्कूल पहुँची और परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजनों की शिकायत पर शांतिनगर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने अज्ञात रिक्शा चालक और उसके सहयोगी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 62 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शहर में दिनदहाड़े हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि छात्रा की सतर्कता और साहस से एक बड़ी अनहोनी टल गई, जिसकी हर तरफ सराहना की जा रही है।


रिपोर्टर