
श्रावण के अंतिम सोमवार को रामेश्वर मंदिर में अखंड रामायण, रुद्राभिषेक और महाभंडारा, हजारों भक्तों ने लिया महाप्रसाद का लाभ
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 06, 2025
- 199 views
भिवंडी। शहर के कापअली क्षेत्र स्थित प्राचीन रामेश्वर मंदिर में श्रावण मास के अंतिम सोमवार के उपलक्ष्य में बुधवार को भव्य धार्मिक आयोजन संपन्न हुआ। उत्तरभारतीय समाज और मंदिर ट्रस्ट के संयुक्त प्रयास से हुए इस वार्षिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं ने सहभाग लिया और भगवान शिव के चरणों में आस्था अर्पित की। आयोजन की शुरुआत रविवार दोपहर 12 बजे अखंड रामायण पाठ से हुई, जिसमें संगीतमय रामचरित मानस का पाठ श्रद्धाभाव के साथ किया गया। यह पाठ सोमवार दोपहर 3 बजे समापन के साथ पूर्ण हुआ। इसके पश्चात भव्य हवन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इस धार्मिक आयोजन के दौरान लगातार 20 घंटे तक रुद्राभिषेक किया गया। सामूहिक रूप से हुए इस पावन अभिषेक में दर्जनों शिवभक्त परिवार सहित सम्मिलित हुए और विधिपूर्वक भगवान शिव का पूजन किया।श्रावण मास की पूर्णता के उपलक्ष्य में बुधवार दोपहर 12 बजे से महाभंडारे का आयोजन किया गया, जो शाम 4 बजे तक चला। इस दौरान लगभग 5,000 श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया। भंडारे के सफल आयोजन से क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम में विधायक महेश चौघुले, मंदिर ट्रस्टी कुमार व अनिल फड़तरे, शिवसेना (शिंदे गुट) के जिलाप्रमुख सुभाष माने, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि सावंत, विजय मिश्रा (बिल्डर), पूर्व नगरसेवक प्रशांत लाड, समाजसेवक रवि पाटिल, शीतला मिश्र, राम नारायण सोनी, बृजेश पांडे, सयाजी मोरे, वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र तिवारी और युवानेता अभिषेक राउत सहित कई गणमान्य नागरिकों ने मंदिर पहुंचकर भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और महाप्रसाद का लाभ उठाया। आयोजकों ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। इस आयोजन के मुख्य संयोजक प्रदीप केसरवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम की शुरुआत उनके पिता स्व. फूलचंद केसरवानी ने 21 वर्ष पूर्व की थी। अब उनकी अनुपस्थिति में उनकी माता श्रीमती चंद्रकली केसरवानी की देखरेख में इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। उत्तरभारतीय समाज के व्यापक सहयोग से यह धार्मिक आयोजन भिवंडी में विशेष पहचान बना चुका है, जिसकी चारों ओर प्रशंसा हो रही है।
रिपोर्टर