ऑनलाइन जुए और सट्टेबाजी पर रोक की मांग, AIYF ने मुख्यमंत्री को सौंपा ज्ञापन
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 12, 2025
- 182 views
भिवंडी। इंटरनेट और स्मार्टफोन के ज़रिए राज्यभर में तेजी से फैल रहे ऑनलाइन जुए और सट्टेबाजी के खिलाफ ऑल इंडिया युथ फेडरेशन (AIYF) ने सोमवार को मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपकर कड़े कदम उठाने की मांग की। AIYF का कहना है कि आईपीएल क्रिकेट, कैसीनो गेम्स और विभिन्न ऐप्स के माध्यम से लाखों युवा आभासी जुए की लत में फंसते जा रहे हैं, जिससे परिवारों पर गंभीर आर्थिक और सामाजिक संकट आ रहा है।AIYF ने 11 अगस्त को महाराष्ट्र में इस मुद्दे पर राज्यव्यापी आंदोलन का आह्वान किया था। इसी के तहत AIYF ठाणे जिला इकाई के प्रतिनिधिमंडल ने उपविभागीय कार्यालय, भिवंडी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में नौ सूत्रीय मांगें रखी गईं, जिनमें— सरकार द्वारा व्यापक जनजागरण अभियान चलाकर युवाओं को जुए से दूर रखने, बॉलीवुड कलाकारों, क्रिकेटरों और अन्य मशहूर हस्तियों को ऑनलाइन जुए के विज्ञापन से रोकने, और तमिलनाडु जुआ निषेध एवं विनियमन अधिनियम, 2023 की तर्ज पर सख्त कानून महाराष्ट्र व पूरे देश में लागू करने की मांग शामिल है। इस कानून के तहत ऐसे ऐप्स को बढ़ावा देने वालों के लिए 7 साल की कैद और 50 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है। प्रतिनिधिमंडल में AIYF के महाराष्ट्र राज्य कोषाध्यक्ष कॉ. इकबाल हुसैन खान, ठाणे जिला अध्यक्ष कॉ. विजय लोलेवार, जिला सचिव कॉ. स्वप्नील भोईर, पूर्व जिला अध्यक्ष कॉ. मदार खान, कॉ. राहुल वाघमारे, विभु पांडे और ताबिश खान शामिल थे।


रिपोर्टर