मंदी के बावजूद गणेशोत्सव की धूम: भिवंडी में उत्साह चरम पर, पंडालों से लेकर घर-घर में तैयारियां जोरों पर
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Aug 23, 2025
- 86 views
भिवंडी। पावरलूम नगरी भिवंडी इस समय भयंकर मंदी की मार झेल रही है, लेकिन गणेशोत्सव को लेकर यहां के नागरिकों के उत्साह में कोई कमी नहीं है। कपड़ा उद्योग चौपट होने और कारोबारियों के संकट में होने के बावजूद, शहर में सार्वजनिक मंडलों से लेकर घर-घर तक बप्पा के स्वागत की तैयारियां पूरे जोश और उल्लास के साथ चल रही हैं। 27 अगस्त से शुरू हो रहे गणेशोत्सव के लिए हर गली-मोहल्ला सजने लगा है। भिवंडी मनपा क्षेत्र में 135 सार्वजनिक मंडलों के साथ करीब 10 हजार से अधिक घरों में ढाई से लेकर 10 दिनों तक गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की जाएगी।धामनकरनाका मित्र मंडल के अध्यक्ष और पूर्व नगरसेवक संतोष शेट्टी ने बताया कि इस बार मंडल वृंदावन के चंद्रोदय मंदिर की झांकी तैयार कर रहा है, जिस पर लगभग 30 लाख रुपये खर्च होंगे। इसी तरह स्व. नाना मित्र मंडल, छत्रपति मराठा मित्र मंडल, और ओम साई मित्र मंडल जैसे प्रमुख मंडलों ने भी खास तैयारियां शुरू कर दी हैं। श्रीरंग नगर का ओम साई मित्र मंडल इस बार अपनी रजत जयंती मना रहा है, जिसके चलते मंडल ने विशेष सजावट और उत्सव का आयोजन किया है।घरेलू स्तर पर भी लोग मंदी की मार झेलते हुए बप्पा के स्वागत में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। भक्तों का कहना है कि चाहे आर्थिक स्थिति कितनी भी खराब क्यों न हो, साल में एक बार गणराया को घर लाने और उनकी पूजा-अर्चना करने का आनंद अलग ही होता है। लोगों की प्रार्थना है कि विघ्नहर्ता भिवंडी से मंदी का संकट दूर करें।उधर, गणेशोत्सव को देखते हुए भिवंडी मनपा ने शहर के दसों विसर्जन घाटों और मुख्य मार्गों की सफाई शुरू कर दी है। मनपा जलापूर्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता संदीप पटनावर के अनुसार, कीचड़, घास और कचरा हटाने का काम तेज़ी से चल रहा है। मनपा आयुक्त और डीसीपी द्वारा घाटों का निरीक्षण भी किया जा चुका है। प्रशासन का दावा है कि इस बार शहर की सड़कों और घाटों पर स्वच्छता और व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।भिवंडी की मंदी के बीच गणेशोत्सव का यह उत्साह साबित करता है कि बप्पा के स्वागत में भक्ति और उल्लास की कोई दीवार नहीं खड़ी हो सकती।


रिपोर्टर