भिवंडी में विवाहिता पर ससुराल का जुल्म, दहेज के लिए पति-सास समेत चार पर केस दर्ज

मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का आरोप; पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी


भिवंडी। भिवंडी शहर से एक और घरेलू प्रताड़ना का मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का कहना है कि पति, सास, जेठ और जेठानी ने मिलकर उसे दहेज के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया।

फरियादी शायमा इलियास अंसारी (32), निवासी बंगलापुर मस्जिद पीछे, ने अपनी शिकायत में बताया कि 28 अप्रैल 2020 की सुबह करीब 11 बजे से 27 जुलाई 2025 की सुबह 9 बजे तक वह लगातार जुल्म सहती रही। आरोप है कि पति इलियास इब्राहिम अंसारी, सास गुलशन इब्राहिम अंसारी, जेठ अरशद इब्राहिम अंसारी और जेठानी आसमा अरशद अंसारी ने संगनमत कर उसे प्रताड़ित किया। पीड़िता के अनुसार, आए दिन उसे ताने दिए जाते, गाली-गलौज होती और घर से निकालने की धमकी दी जाती थी। इतना ही नहीं, विवाद के दौरान धक्का-मुक्की और मारपीट तक की गई। आखिरकार प्रताड़ना से तंग आकर शायमा ने हिम्मत जुटाई और भिवंडी शहर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शहर पुलिस ने अपराध रजि. क्रमांक  816/2025, भारतीय न्याय संहिता की धारा 85, 115(2), 352 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। हालांकि अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। इस मामले की जांच पुलिस उपनिरीक्षक शैलेन्द्र वाघचौर कर रहे हैं। इधर, भिवंडी और आसपास के इलाकों में दहेज प्रताड़ना और घरेलू हिंसा के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग अब स्थानीय स्तर पर तेज हो गई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट