गणपति बप्पा मोरया.... जयघोषों के बीच भिवंडीकर लाडके बप्पा को दी भावभीनी विदाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 07, 2025
- 354 views
कृत्रिम तालाबों में 722 मूर्तियां विसर्जित
भिवंडी। गणपति बप्पा मोरया... अगले बरस तू जल्दी आ... ऐसे जयघोषों के बीच भिवंडी शहर में गणेश विसर्जन का पर्व हर्षोल्लास और भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। अनंत चतुर्दशी के अवसर पर शनिवार को शहर के विभिन्न घाटों और कृत्रिम तालाबों पर हजारों गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन संपन्न हुआ।
इस वर्ष अनंत चतुर्दशी 10 दिवसीय कुल 2,481 गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इनमें 2,094 घरगुती गणपति और 387 सार्वजनिक मंडलों की प्रतिमाएं शामिल थीं। खास बात यह रही कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति बढ़ती जागरूकता के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कृत्रिम तालाबों का सहारा लिया। महानगरपालिका द्वारा बनाए गए 10 कृत्रिम तालाबों में इस बार 722 प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। पिछले वर्ष यह संख्या मात्र 193 थी। इस लिहाज़ से इस बार कृत्रिम तालाबों में विसर्जन करीब साढ़े तीन गुना बढ़ा। भिवंडी महानगरपालिका प्रशासन ने गणेशोत्सव को निर्विघ्न और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारी की थी। मनपा के प्रशासक एवं आयुक्त अनमोल सागर (भा.प्र.से.) ने बताया कि विसर्जन मार्गों और घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, समन्वय अधिकारी, अग्निशमन दल, जीवन रक्षक टीम और चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध कराई गई थी। हर घाट पर मंडप, विद्युत व्यवस्था, पीने के पानी और एंबुलेंस की सुविधा भी सुनिश्चित की गई थी। पारंपरिक गुलाल और फूलों की वर्षा के बीच श्रद्धालुओं ने अपने लाडके बप्पा को भावभीनी विदाई दी। शहर के प्रमुख घाटों— नदीनाका-टिलक घाट, वहालादेवी, कामतघर, फेणे घाट,भादवड तालाव, नारपोली व अन्य स्थलों पर देर रात तक भक्तों का उत्साह देखते ही बनता था।गणेशभक्तों ने भी नगरपालिका की व्यवस्था पर संतोष जताया और उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में कृत्रिम तालाबों की संख्या और बढ़ाई जाएगी। इस तरह भिवंडी का गणेशोत्सव श्रद्धा, उत्साह और शांति के साथ संपन्न हुआ।
भिवंडी में गंगा-जमुनी तहज़ीब का अद्धभूत नज़ारा :::::
भिवंडी निज़ामपुर शहर महानगर पालिका क्षेत्र में गणेशोत्सव के दौरान गंगा-जमुनी तहज़ीब की झलक देखने को मिली। मुस्लिम बहुल इलाक़ा होने के बावजूद यहां मुस्लिम अधिकारी और युवाओं ने अपने कर्तव्यों के साथ-साथ सेवा भाव का परिचय दिया। नगर पालिका के स्वच्छता व आरोग्य विभाग प्रमुख फैसल तातली, आपातकालीन विभाग प्रमुख साकिब खर्बे, उप अभियंता सरफारज अंसारी और प्रभाग समिति क्रमांक पाँच के सहायक आयुक्त साईद चुन्ने ने अपने-अपने क्षेत्रों में विसर्जन घाटों की व्यवस्थाओं को बखूबी संभाला। घाटों पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया।इसी बीच कई स्थानों पर मुस्लिम युवाओं ने गणेश भक्तों को मुफ्त पानी वितरण कर स्वागत किया। दरगाह दीवान शाह इलाके में पूर्व नगरसेवक वसीम अंसारी ने भी अपने सहयोगियों के साथ गणेश भक्तों का अभिनंदन किया। गणेशोत्सव के अवसर पर इस आपसी भाईचारे और सामूहिक सहयोग ने भिवंडी की पहचान को और भी मज़बूत किया।
....................................................


रिपोर्टर