भिवंडी में ईद मिलादुन्नबी पर निकला विशाल जुलूस, अमन-शांति की हुई दुआएं
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 08, 2025
- 284 views
भिवंडी। ईद मिलादुन्नबी के मौके पर सोमवार को भिवंडी शहर जश्न और रौनक से सराबोर नजर आया। रजा अकादमी भिवंडी की ओर से कोटर गेट मस्जिद से लेकर मिल्लतनगर स्थित मामा भांजा प्ले ग्राउंड तक भव्य जुलूस का आयोजन किया गया। इस जुलूस में शहर के लाखो लोग शामिल हुए और जगह-जगह अमन-शांति की दुआएं मांगी गईं।
कार्यक्रम में बरेली शरीफ से आए मुफ्ती मोहम्मद फैज रजा खान मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं, भिवंडी की सभी सुन्नी मस्जिदों के उलेमा भी बड़ी संख्या में शरीक हुए। जुलूस की शुरुआत कोटर गेट मस्जिद से हुई, जहां स्थानीय नागरिकों ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया। जुलूस चंद्रतारा मस्जिद, पांजरा पुल, वंजारपट्टी नाका होते हुए मदीना मस्जिद पहुंचा, जहां असर की नमाज अदा की गई। इसके बाद जुलूस नासिक रोड से होकर मामा भांजा मैदान पहुंचा, जहां अमन-शांति और भाईचारे की दुआएं की गईं। पूरे रास्ते "हुजूर की आमद मरहबा" और "नारे तकबीर अल्लाह अकबर" के नारों से शहर गूंज उठा।शांतिनगर, गैबीनगर, नवी बस्ती, फंडोले नगर, आजमी नगर, पटेल कंपाउंड, माधवनगर, दरगाह दीवान शाह और ईदगाह इलाके से बड़ी संख्या में लोग इस जुलूस में शामिल हुए। कोटर गेट मस्जिद पर बने मंच से विभिन्न धर्मों के जनप्रतिनिधियों ने भी मौजूद रहकर आयोजन की सराहना की। स्वागत-सम्मान का जिम्मा रजा अकादमी भिवंडी के अध्यक्ष कुरैशी आवेश रजा और उनकी टीम ने संभाला। जुलूस के दौरान शहर भर में अलग-अलग स्थानों पर पानी, शरबत और खाने-पीने की वस्तुओं का वितरण किया गया। सुबह से ही मुस्लिम बस्तियों में छोटे-छोटे रैली निकालकर लोग खुशियां मनाते नजर आए। प्रशासन की ओर से भी जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।


रिपोर्टर