भिवंडी मनपा स्कूल नं. 20 में मूलभूत सुविधाओं का अभाव, छात्रों की पढ़ाई प्रभावित
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Sep 24, 2025
- 106 views
भिवंडी। भिवंडी निजामपुरनिजामपुर शहर महानगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मनपा स्कूल क्रमांक 20 के विद्यार्थियों और शिक्षकों को बीते चार महीनों से गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। स्कूल में न तो बिजली की सुविधा है, न शौचालय और न ही स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था,जिसके चलते शिक्षा का माहौल बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इंटरनेशनल ह्यूमन राइट्स फाउंडेशन के भिवंडी शहर अध्यक्ष मोमिन दिलशाद अहमद ने नगर आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर इस ओर ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि स्कूल का बिजली मीटर कनेक्शन अभी तक जोड़ा ही नहीं गया है। इसके कारण कक्षाओं में पंखे और रोशनी बंद पड़े हैं। गर्मी और उमस भरे माहौल में विद्यार्थी परेशान रहते हैं। वहीं, शौचालय और पीने के पानी की अनुपलब्धता से बच्चों और शिक्षकों की मुश्किलें और बढ़ गई है ।दिलशाद अहमद का कहना है कि यह स्थिति शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 का सीधा उल्लंघन है। इस कानून के तहत हर छात्र को स्वच्छ पेयजल, शौचालय, बिजली, खेल का मैदान, पुस्तकालय और आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराना अनिवार्य है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो छात्रों का भविष्य प्रभावित होगा।शहर अध्यक्ष ने मांग की है कि नगर प्रशासन तुरंत मीटर कनेक्शन जोड़ने के साथ-साथ शौचालय और पेयजल की सुविधा सुनिश्चित करे। उनका कहना है कि शिक्षा के साथ बच्चों को मूलभूत सुविधाओं से वंचित रखना न केवल अनुचित है बल्कि उनके अधिकारों का हनन भी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि महानगरपालिका को बच्चों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए इस मामले पर त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। अभिभावकों ने भी आशंका जताई है कि यदि यह हालात जारी रहे तो बच्चों की पढ़ाई पर नकारात्मक असर पड़ेगा।


रिपोर्टर